तहसीलदार या प्रॉपर्टी डीलर? राजस्थान में सरकारी अफसरों ने कौड़ियों में खरीदकर हरियाणा के बिल्डरों को बेची जमीनें
Rajasthan Land Scam: राजस्थान के अलवर (टहला) में तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी पर किसानों को डराकर उनकी कीमती जमीनें सस्ते में खरीदने और उन्हें दिल्ली-हरियाणा के बिल्डरों को करोड़ों में बेचने का आरोप है. कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने और जेसीबी से जबरन कब्जा दिलाने के सबूतों के बावजूद प्रशासन मौन है.
ADVERTISEMENT

alwar
Alwar Land Scam: राजस्थान के अलवर जिले का टहला क्षेत्र एक बार फिर बड़े भू-घोटाले और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के कारण सुर्खियों में है. सरिस्का टाइगर रिजर्व से सटे इस बेहद कीमती इलाके में राजस्व अधिकारियों और भू-माफियाओं का एक बड़ा गठजोड़ सामने आया है. अदालत के आदेश के बाद टहला के तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी के खिलाफ धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग की एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है. इन अधिकारियों पर स्थानीय गरीब किसानों को डराने, धमकाने और उनकी बेशकीमती जमीनों को जबरन सस्ते दामों पर खरीदकर दिल्ली-हरियाणा के बड़े बिल्डरों को बेचने के गंभीर आरोप लगे हैं. ताज्जुब की बात यह है कि अदालती जांच में दोषी पाए जाने और पुलिस केस दर्ज होने के बाद भी प्रशासन ने अब तक इन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है.