पेड़ पर चढ़े नरेश मीणा.. जानें राजस्थान के बारां में किस बात पर विवाद को लेकर आ गई इतनी बड़ी भीड़
खाद की किल्लत से परेशान होकर बारां छबड़ा में किसानों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया. किसानों की इस मांग का समर्थन करने पहुंचे नरेश मीणा भी विरोध जताते हुए पेड़ पर चढ़ गए.
ADVERTISEMENT

राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा से किसानों के आक्रोश की बड़ी खबर सामने आ रही है. खाद की किल्लत और वितरण व्यवस्था से परेशान किसानों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया. किसानों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे नरेश मीणा भी नजर आए जो किसानों के समर्थन में एक पेड़ पर चढ़ गए.
खाद नहीं मिलने से किसानों में भारी गुस्सा
रिपोर्ट के अनुसार, किसान सुबह से ही खाद पाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रहा है. गुस्साए किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते खाद की उचित व्यवस्था नहीं की गई और मौके पर एसडीएम को नहीं बुलाया गया, तो हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं.
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान किसानों और समर्थकों ने प्रशासन के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए और खाद वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की. किसानों का कहना है कि कृषि सीजन के समय खाद की ऐसी किल्लत से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की मौत, टायर फटने से खाई में गिरी कार
