राजस्थान: जिस कपड़े को बेटे को उपहार में देना था, उसी में लिपटी मां की लाश, एक हादसे ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार
Rajasthan Road Accident: राजस्थान के बूंदी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं. बेटे के जन्मदिन पर उपहार लेकर जा रहे रिटायर्ड शिक्षक केदारलाल शर्मा और उनकी पत्नी गीता बाई की ट्रेलर की टक्कर से मौत हो गई. सबसे भावुक पहलू यह रहा कि बेटे के लिए ले जाया जा रहा सफेद कपड़ा ही माता-पिता के अंतिम कफन के रूप में इस्तेमाल हुआ.
ADVERTISEMENT

Rajasthan Road Accident
किस्मत के फैसले भी कई बार इतने अजीब और दर्दनाक होते हैं कि इंसान को संभलने का मौका तक नहीं मिलता. राजस्थान के बूंदी जिले से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में बिखर गया. जिस घर में बेटे के जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, रिश्तेदार जुट रहे थे और मंगल गीत गूंजने वाले थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. एक भीषण सड़क हादसे ने बुजुर्ग माता-पिता को उनके बेटे से हमेशा के लिए छीन लिया. बेटा घर पर अपने माता-पिता का रास्ता देखता रह गया, लेकिन वे कभी वापस नहीं लौट सके.
