'ऐसा सबक सिखाऊंगा, पुश्तें याद रखेंगी', डीग में री-काउंटिंग की मांग पर हंगामा, SP शरण कमले ने दी सख्त चेतावनी, VIDEO वायरल
राजस्थान के डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव की मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग पर हंगामा हो गया. स्थिति संभालने पहुंचे एसपी शरण कमले ने भीड़ को पांच मिनट में हटने की चेतावनी दी. करीब 12 घंटे बाद सहनाज साजिद खान ने 18 वोटों से जीत दर्ज की.
ADVERTISEMENT

राजस्थान के डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव की मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते मतगणना स्थल पर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई. माहौल बिगड़ता देख डीग एसपी शरण कमले खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने भीड़ को पांच मिनट में जगह खाली करने की चेतावनी दी. इस दौरान एसपी का सख्त अंदाज कैमरे में कैद हो गया. अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
री-काउंटिंग की मांग पर जमा हुई समर्थकों की भीड़
मामला 5 नवंबर की रात का है. केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतगणना शुरू हुई थी. 6 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक भी चुनाव का परिणाम स्पष्ट नहीं हो पाया था. इसी बीच पूर्व सरपंच नोमान खान ने दोबारा मतगणना यानी री-काउंटिंग की मांग कर दी.
इसके बाद अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना स्थल पर पहुंचने लगे. कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. भीड़ बढ़ने के साथ ही माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
एसपी ने कहा- 5 मिनट में खाली करो जगह
हंगामे की सूचना मिलने पर डीग एसपी शरण कमले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने भीड़ को सख्त लहजे में समझाया और मतगणना स्थल से हटने के लिए पांच मिनट का समय दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एसपी कहते सुनाई दे रहे हैं, "आपके पास 5 मिनट का वक्त है, यहां से हट जाएं, नहीं तो पूरे डीग जिले की पुलिस आ जाएगी."
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की तो ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जिसे उसकी पुश्तें याद रखेंगी. एसपी का यह सख्त अंदाज अब चर्चा में है.
12 घंटे बाद घोषित हुआ सरपंच चुनाव का परिणाम
विवाद के बीच पुलिस की मौजूदगी में मतगणना और री-काउंटिंग की प्रक्रिया जारी रही. करीब 12 घंटे के इंतजार के बाद आखिरकार चुनाव का परिणाम घोषित किया गया.
इस चुनाव में सहनाज साजिद खान ने 18 वोटों से जीत दर्ज की. उन्हें केथवाड़ा ग्राम पंचायत का नया सरपंच चुना गया. वहीं, पंचायत में लगातार सरपंच रहे नोमान खान को इस बार हार का सामना करना पड़ा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एसपी का वीडियो
केथवाड़ा पंचायत में चुनाव परिणाम को लेकर हुए विवाद के बाद एसपी शरण कमले का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वीडियो में वह भीड़ को पांच मिनट के भीतर हटने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं.
करीब 12 घंटे तक चले विवाद और तनाव के बाद पुलिस की मौजूदगी में मतगणना पूरी हुई. इसके साथ ही केथवाड़ा पंचायत को नया सरपंच मिल गया.
देखिए वीडियो
