शेखावत ने डोटासरा को क्यों याद दिलाया साल 2020, बोले- 'आपकी सरकार में तो पायलट अज्ञातवास में चले गए थे'
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उनकी सरकार के समय को याद करने के लिए कहा.
ADVERTISEMENT

Rajasthan Politics: राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara) ने सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) और डिप्टी सीएम दीया कुमारी (Diya Kumari) को लेकर एक बयान दिया जिस पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भड़क गए हैं. डोटासरा ने कहा था कि "बजट सत्र में सीएम और डिप्टी सीएम के वर्चस्व की लड़ाई साफ दिखाई दी. राजस्थान में चार इंजन की सरकार है जिसमें काफी खींचतान चल रही है." इस बयान पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को अपना कार्यकाल याद करने को कहा.
दरअसल, केंद्रीय मंत्री शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने डोटासरा को वह घटना याद दिलाई जब कांग्रेस में सचिन पायलट (Sachin Pilot) खेमे ने बगावत कर दी थी और कांग्रेस की गहलोत सरकार संकट में आ गई थी. उस समय सीएम अशोक गहलोत को अपने मंत्री और विधायकों को लंबे समय तक रिसॉर्ट में रखना पड़ा था.
"जिनके घर कांच के होते हैं उन्हें पत्थर नहीं उछालना चाहिए"
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, "पहले कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकाल के बारे में याद करें. उनके पीसीसी चीफ, विधायकों में किस तरह की बातें होती थी. उनकी सरकार के डिप्टी सीएम और विधायक तो अज्ञात वास में चले गए थे. सरकार होटल में जाकर बंद रही. जिनके खुद के घर कांच के होते हैं उन्हें पत्थर उछालने से पहले सोचना चाहिए."
साल 2020 में पायलट खेमे ने की थी बगावत
गौरतलब है कि साल 2020 में गहलोत सरकार के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट खेमे ने बगावत की थी. इसकी वजह से कांग्रेस सरकार संकट में आ गई थी. उस दौरान कई दिनों तक अशोक गहलोत को मंत्रियों व विधायकों के साथ पहले जयपुर और फिर जैसलमेर के रिसार्ट में रहना पड़ा था.
