जयपुर: करवा चौथ पर चचेरे भाई संग निकला श्रवण, अगले दिन रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, फिर पता चली भाभी से प्यार की कहानी
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. आरोपी देवर ने अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध के चलते चचेरे भाई को शराब पार्टी के बहाने रेलवे ट्रैक पर ले जाकर बेरहमी से मार डाला और घटना को ट्रेन हादसा दिखाने की कोशिश की.
ADVERTISEMENT

Jaipur Murder Mystery: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्तों को तार-तार करते हुए एक देवर ने अपनी ही भाभी के प्रेम प्रसंग के चक्कर में चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. इस पूरी वारदात को एक सामान्य रेल हादसा दिखाने की खतरनाक साजिश रची गई थी, लेकिन जयपुर पुलिस की मुस्तैदी ने इस अंधी मर्डर मिस्ट्री की परतें खोलकर रख दीं और आरोपी को दबोच लिया.
रेलवे ट्रैक पर मिला था शव, शुरू हुई थी जांच
घटना जयपुर के बिंदायका थाना इलाके की है, जहां 30 अक्टूबर की सुबह धानकिया-सांखापुरा रेलवे ट्रैक के पास एक 34 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान झुंझुनू निवासी श्रवण सिंह के रूप में हुई. पहली नजर में यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का लग रहा था, क्योंकि शव के आसपास चप्पलें और बैग बिखरे हुए थे. हालांकि, जब पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाया, तो मामले का रुख बदल गया. श्रवण के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, जो किसी ट्रेन हादसे से ज्यादा मारपीट या हमले की ओर इशारा कर रही थीं.
शराब पार्टी के बहाने ले जाकर रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक श्रवण मकराना में एक रेलवे ठेकेदार के पास काम करता था. 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन वह अपने चचेरे छोटे भाई भवानी उर्फ कालू के साथ गांव जाने के लिए निकला था. रास्ते में दोनों फुलेरा उतरे और वहाँ से लिफ्ट लेकर धानकिया पहुंचे. शाम के वक्त दोनों रेलवे ट्रैक के पास बैठे और शराब पार्टी शुरू की. पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में जब सामने से ट्रेन आती दिखाई दी, तो आरोपी भवानी ने श्रवण को अचानक रेलवे ट्रैक की तरफ धक्का दे दिया. ट्रेन की टक्कर लगने के बावजूद जब श्रवण जिंदा बच गया, तो आरोपी ने दरिंदगी की हदें पार करते हुए पत्थर और लोहे की रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी.
हत्या को हादसा दिखाने के लिए रचे गए झूठे सबूत
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भवानी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सबूतों के साथ छेड़छाड़ की. उसने श्रवण के बैग और चप्पलों को शव से दूर फेंक दिया ताकि यह पूरी तरह से एक रेल दुर्घटना लगे. इसके बाद शातिर आरोपी ने खुद मृतक की पत्नी को फोन करके उसकी मौत की झूठी खबर दी और मौके से फरार हो गया. लेकिन पुलिस की तकनीकी और जमीनी जांच ने इस शातिर साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
प्रेम प्रसंग बना भाई की मौत की वजह
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भवानी और मृतक श्रवण की पत्नी के बीच अवैध संबंध (प्रेम प्रसंग) चल रहे थे. इस बात की भनक जब श्रवण को लग गई, तो दोनों के बीच विवाद और रंजिश बढ़ने लगी. इसी रास्ते के कांटे को हमेशा के लिए हटाने के लिए भवानी ने इस खौफनाक कत्ल की साजिश रची थी. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी भवानी को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में मृतक की पत्नी की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: भरतपुर: करवा चौथ की खुशियों के बीच मातम, 26 साल की आरती की मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
