जयपुर: पीली टोपी और मास्क पहनकर ज्वेलरी शोरूम में घुसा बदमाश, चाकू दिखाकर लूटे करोड़ों के गहने

Jaipur News: राजधानी जयपुर के पॉश इलाके वैशाली नगर स्थित 'सीरियस ज्वेलर्स' शोरूम में एक दिनदहाड़े सनसनीखेज डकैती का मामला सामने आया है. सिर पर पीली टोपी और मास्क पहने एक स्कूटी सवार बदमाश ने चाकू के बल पर गार्ड और महिला कर्मचारी को धमकाकर करीब सवा करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

ADVERTISEMENT

जयपुर के पॉश इलाके में डकैती से मचा हड़कंप
जयपुर के पॉश इलाके में डकैती से मचा हड़कंप
Google CTA

Jaipur Vaishali Nagar Jewelry Showroom Robbery: राजस्थान की राजधानी जयपुर से सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है. जयपुर के सबसे पॉश और व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले वैशाली नगर में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाया गया. सिर पर पीली टोपी और चेहरे पर मास्क लगाए एक शातिर बदमाश स्कूटी पर सवार होकर शोरूम के अंदर घुसा और चाकू के बल पर गार्ड तथा महिला कर्मचारी को डरा-धमका कर करीब सवा करोड़ रुपये के सोने के कीमती आभूषण समेट कर फरार हो गया. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश व दहशत का माहौल है.

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

यह घटना वैशाली नगर स्थित 'सीरियस ज्वेलर्स' (Serious Jewelers) शोरूम की है. मंगलवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच जब शोरूम अभी-अभी खुला था, तब अंदर सिर्फ एक महिला कर्मचारी और एक सिक्योरिटी गार्ड ही मौजूद थे. इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा. उसने सिर पर पीली टोपी और चेहरे पर मास्क लगा रखा था, जिससे पहली नजर में वह एक आम ग्राहक की तरह प्रतीत हुआ.

लेकिन शोरूम के अंदर कदम रखते ही उसने अपने असली इरादे जाहिर कर दिए. बदमाश ने तुरंत जेब से चाकू निकाला और सिक्योरिटी गार्ड तथा महिला कर्मचारी को धमकाते हुए अपने काबू में कर लिया. इसके बाद उसने बेखौफ होकर शोरूम के डिस्प्ले और कांट्र में रखे कीमती गहनों को समेटना शुरू कर दिया. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, बदमाश शोरूम से लगभग 70-80 लाख से लेकर सवा करोड़ रुपये तक के जेवरात जिसमें करीब 7 से 8 सोने के हार और 30 से 35 सोने की अंगूठियां शामिल हैं बैग में भरकर फरार हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी स्कूटी पर बैठकर मौके से रफूचक्कर हो गया.

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

दिनदहाड़े पॉश इलाके में हुई इस भारी-भरकम लूट की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. वैशाली नगर थाना पुलिस और उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. वैशाली नगर थाना अधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाश के आने-जाने के रूट को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है. वहीं शोरूम प्रबंधन की तरफ से नुकसान का आकलन किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूरी रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है. शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है ताकि जल्द से जल्द इस शातिर बदमाश को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके.

यह भी पढ़ें: जोधपुर: मटन खरीदने पहुंचे युवकों का दुकानदार से विवाद, देखते ही देखते हुई पत्थरबाजी, 4 लोग हिरासत में