कोटा में बड़ा सड़क हादसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी ट्रैवलर, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी मिनी बस नाले में गिर गई. हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए. बस खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रही थी. ड्राइवर को झपकी आने की आशंका है.
ADVERTISEMENT

राजस्थान के कोटा जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर (मिनी बस) बेकाबू होकर करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी. इस भीषण हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
खाटूश्यामजी जा रही थी बस
पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ. भोपाल से एक मिनी बस यात्रियों को लेकर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रही थी. कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर आगे बढ़ने पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पुलिया से नीचे नाले में गिर गया. ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है, जिससे आगे बैठे लोगों को सबसे ज्यादा चोटें आईं.
ग्रामीणों ने कांच तोड़कर निकाले फंसे यात्री
हाइवे पर हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई घायल यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए थे. गनीमत रही कि मौके पर पहुंचे साहसी ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बस के कांच तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. पुलिस और प्रशासनिक अमला भी तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
घायलों के सिर में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स के अनुसार, ज्यादातर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और कई लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी हुए हैं. बस में कुल 21 लोग सवार थे, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे. हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
घायलों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत, मोहनिस, आकांक्षी, हेमलता गायकवाड़ और सारांश सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनीता, ओम सूर्यवंशी, राजू और बस का ड्राइवर शामिल हैं.
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस अधिकारियों को अंदेशा है कि यह हादसा ड्राइवर को नींद या झपकी आने के कारण हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया और कोटा रेंज आईजी हरेंद्र महावर तुरंत MBS अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. प्रशासन ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.
