'पाकिस्तान प्रेम' पर जबरदस्त घिरे मदन राठौड़, विरोध पर उतरे कांग्रेसी, धौलपुर में फूंका गया पुतला!
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के "अमेरिका-पाकिस्तान युद्ध में भारत द्वारा पाकिस्तान का समर्थन करने" वाले बयान पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार से इस पर स्पष्टीकरण और कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT

राजस्थान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के एक बयान को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया है. मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयानों के बाद विपक्ष लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है. इसी कड़ी में धौलपुर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धौलपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला भी फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा नेताओं के बयानों से देश की भावनाओं को ठेस पहुंच रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वहीं, इस हंगामे और विरोध के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है.
क्या था मदन राठौड़ का पूरा बयान?
दरअसल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "हम सभी को यह गहराई से समझने की जरूरत है. यदि आज अमेरिका और पाकिस्तान के बीच जंग छिड़ती है, तो हम पाकिस्तान के पक्ष में खड़े होंगे, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है."
अपनी बात को आगे स्पष्ट करते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब देश के आंतरिक या बाहरी मुद्दों की बात आती है तो हर भारतीय को पूरी दृढ़ता के साथ भारत के साथ खड़ा होना चाहिए. हालांकि, उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद इस पर राजनीतिक विरोध शुरू हो गया.
कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला
इस बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी हमलावर हो गई है. कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने मदन राठौड़ के इस बयान की कड़ी आलोचना की है. शमा मोहम्मद ने पाकिस्तान को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश करार देते हुए कहा कि वहां से हमेशा से भारत के सैनिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहा है. उन्होंने भाजपा से तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि यदि पार्टी मदन राठौड़ के इस विचार से इत्तेफाक नहीं रखती है, तो उनके खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी? साथ ही, उन्होंने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं.
