LIVE: राजस्थान मेयर चुनाव में आज फैसला, जयपुर-जोधपुर-कोटा में वोटिंग शुरू, 3 बजे आएगा रिजल्ट
राजस्थान में जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में मेयर पद के लिए आज मतदान हो रहा है. वोटिंग सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगी. इसके बाद मतगणना शुरू होगी और करीब 3 बजे परिणाम आने की उम्मीद है. बीजेपी और कांग्रेस के बीच तीनों शहरों में सीधा मुकाबला है.
ADVERTISEMENT

Rajasthan Mayor Election 2026: राजस्थान के तीन प्रमुख शहरों जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में आज नए मेयर के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया. इसके साथ ही कोटा जिले की नवगठित सुकेत नगर पालिका में पहली बार चेयरमैन के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हुई है जो दोपहर 2 बजे तक चलेगी. इसके तुरंत बाद दोपहर 2:15 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक नतीजे घोषित किए जाएंगे.
- 11:38 AM • 25 Sep 2026
जयपुर मेयर चुनाव को लेकर हंगामा
जयपुर में मेयर पद के चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर हंगामा हो गया. कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई. कांग्रेस विधायकों को पुलिस द्वारा रोके जाने पर नेता नाराज हो गए. इसके विरोध में कांग्रेस विधायक मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के पास बीजेपी नेताओं को बैठने की अनुमति दी गई है. इसी को लेकर मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा.
- 11:09 AM • 25 Sep 2026
जयपुर मेयर चुनाव के लिए मतदान शुरू
जयपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए लालकोठी मुख्यालय पर मतदान शुरू हो गया है. सबसे पहले बीजेपी प्रत्याशी सुनील कोठारी ने वोट डाला. इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर ने मतदान किया. मेयर चुनाव में जयपुर नगर निगम के चुने हुए 150 पार्षद मतदान करेंगे. वोटिंग दोपहर 2 बजे तक चलेगी. इसके बाद मतगणना शुरू होगी और करीब एक घंटे में चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद है.
- 11:03 AM • 25 Sep 2026
कोटा की सुकेत नगर पालिका को आज मिलेगा पहला चेयरमैन
कोटा जिले की नवगठित सुकेत नगर पालिका में इतिहास रचा जा रहा है. यहां पहली बार अध्यक्ष पद के लिए वोट डाले जा रहे हैं. निकाय के गठन के बाद यह पहला मौका है जब पार्षदों द्वारा पहला चेयरमैन चुना जाएगा. यहां का मुकाबला काफी दिलचस्प है.
अगर नंबर देखें तो कांग्रेस के पास 11 पार्षद (बहुमत से 2 कम), बीजेपी के 10 पार्षद (बहुमत से 3 कम) और 04 निर्दलीय पार्षद है. यहां बहुमत का आंकड़ा 13 है. दोनों ही प्रमुख दलों की नजरें 4 निर्दलीय पार्षदों पर टिकी हैं. ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अध्यक्ष तय करने में सबसे अहम साबित होने वाली है.
- 10:54 AM • 25 Sep 2026
कोटा में बीजेपी का बोर्ड बनना लगभग तय
कोटा नगर निगम में महापौर पद के लिए बीजेपी प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी और कांग्रेस की सुनीता सुमन के बीच सीधा मुकाबला है. 100 वार्डों वाले कोटा निगम में बीजेपी के 57 पार्षद हैं. दो निर्दलीय पार्षद भी बीजेपी के समर्थन में आ चुके हैं. इस तरह बीजेपी के पास 59 पार्षदों का समर्थन बताया जा रहा है. वहीं कांग्रेस के पास 39 पार्षद हैं. बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस के कुछ पार्षद भी उसके संपर्क में हैं. हालांकि कांग्रेस आखिरी समय तक अपने उम्मीदवार की जीत का दावा कर रही है.
- 10:52 AM • 25 Sep 2026
जोधपुर में कांटे का मुकाबला
जोधपुर नगर निगम में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है. यहां बीजेपी के प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह सोलंकी आमने-सामने हैं. बीजेपी के पास मूल रूप से 45 पार्षद थे, लेकिन 6 निर्दलीयों के समर्थन के बाद यह संख्या 51 हो गई है, जो स्पष्ट बहुमत है. वहीं कांग्रेस (44 पार्षद) भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा कर रही है. मतदान के लिए दोनों दलों के पार्षदों को कड़ी सुरक्षा के बीच बसों से नगर निगम लाया गया है. मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात की गई है.
- 10:50 AM • 25 Sep 2026
जयपुर में सुनील कोठारी Vs सुनीता मावर
जयपुर नगर निगम में कुल 150 वार्ड हैं, जहाँ बहुमत के लिए 76 वोटों की दरकार है. वर्तमान में बीजेपी के पास 78 पार्षद हैं, जो बहुमत के आंकड़े से दो अधिक हैं. वहीं कांग्रेस के 57 और 15 निर्दलीय पार्षद हैं. बीजेपी ने वार्ड 112 से पार्षद सुनील कोठारी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की तरफ से वार्ड 118 की पार्षद सुनीता मावर मैदान में हैं. ज्यादातर निर्दलीय पार्षदों का समर्थन बीजेपी को मिलता दिख रहा है, जिससे सुनील कोठारी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी को बीजेपी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की आस है.
