Rajasthan Nagar Nigam Result 2026 Live: 10 नगर निगमों में किसका बोर्ड?
Rajasthan Nagar Nigam Result 2026 Live: राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. 309 शहरी निकायों के 10,167 वार्डों में वोटों की गिनती जारी है. 38,889 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो रहा है. जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर समेत 10 नगर निगमों के रुझानों पर नजर है. BJP और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है.
ADVERTISEMENT

Rajasthan Nagar Nigam Result 2026 Live: राजस्थान के 10 नगर निगमों में किसका बोर्ड बनेगा, इसका फैसला आज होगा. प्रदेश के 309 शहरी निकायों के 10,167 वार्डों के लिए हुई वोटिंग के बाद सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी. इनमें जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, पाली, अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं. कुल 38,889 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होना है. सबसे पहले रुझान सामने आएंगे और इसके बाद धीरे-धीरे तस्वीर साफ होगी.
- 07:59 AM • 14 Sep 2026
जोधपुर में इस बार क्या होगा, कुछ देर में रुझान
पिछली बार कांग्रेस और बीजेपी ने एक-एक बोर्ड बनाया था. जोधपुर में 2020 के नगर निगम चुनाव दो अलग-अलग निगमों में कराए गए थे. शहर को जोधपुर उत्तर और जोधपुर दक्षिण दो हिस्सों में बांटकर चुनाव हुआ था. दोनों निगमों को मिलाकर औसत मतदान 60.7 फीसदी रहा था. जोधपुर उत्तर में 62.64 फीसदी वोटिंग हुई थी. यहां कुल 80 वार्डों में से कांग्रेस ने 53 वार्ड जीतकर बोर्ड बनाया था. बीजेपी को बाकी सीटों पर बढ़त मिली थी. वहीं जोधपुर दक्षिण में 58.76 फीसदी मतदान हुआ था. यहां बीजेपी ने 80 में से 43 वार्ड जीतकर बोर्ड बनाया था. कांग्रेस ने 23 वार्ड जीते थे, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 14 वार्ड गए थे. इस तरह पिछले चुनाव में जोधपुर के दोनों निगमों में एक-एक बोर्ड कांग्रेस और बीजेपी के पास गया था. अब आज के नतीजों से तय होगा कि इस बार जोधपुर की सियासी तस्वीर किसके पक्ष में जाती है.
- 07:29 AM • 14 Sep 2026
पिछली बार कांग्रेस और बीजेपी ने जीता था एक-एक नगर निगम
जयपुर में पिछले नगर निगम चुनाव 2020 में दो अलग-अलग निगमों में हुए थे. उस समय जयपुर हेरिटेज और जयपुर ग्रेटर के लिए कुल 250 वार्डों में चुनाव कराया गया था. दोनों निगमों को मिलाकर औसत मतदान करीब 57.5 फीसदी रहा था. इस बार जयपुर में निगमों का पुनर्गठन होने के बाद 150 वार्डों में चुनाव हुआ है. ऐसे में आज आने वाले नतीजों से तय होगा कि जयपुर में इस बार किस पार्टी का बोर्ड बनता है जयपुर हेरिटेज के 100 वार्डों में 58.31 फीसदी वोटिंग हुई थी. यहां कांग्रेस ने 47 वार्ड जीते थे, जबकि बीजेपी को 42 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 11 वार्ड मिले थे. निर्दलीयों के समर्थन से कांग्रेस ने हेरिटेज में बोर्ड बनाया था. वहीं जयपुर ग्रेटर के 150 वार्डों में 57.82 फीसदी मतदान हुआ था. बीजेपी ने यहां 88 वार्ड जीतकर बोर्ड बनाया था. कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मिलकर 49 वार्ड जीते थे.
- 07:27 AM • 14 Sep 2026
10 नगर निगमों में 854 वार्डों की काउंटिंग
जयपुर समेत राजस्थान के 10 नगर निगमों में पार्षद चुनाव के नतीजे आज आएंगे. सभी 854 वार्डों के लिए सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. सबसे ज्यादा वार्ड और उम्मीदवार जयपुर नगर निगम में हैं. यहां कुल 723 उम्मीदवार मैदान में हैं.अलवर, भीलवाड़ा और पाली में नगर निगम बनने के बाद यह पहला पार्षद चुनाव है. इससे इन तीनों शहरों के नतीजों पर भी खास नजर रहेगी. वोटिंग की बात करें तो 10 नगर निगमों में सबसे ज्यादा मतदान भरतपुर में 73.68 फीसदी हुआ था. जोधपुर में 71.95 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी.
