CM भजनलाल शर्मा की रात्रि चौपाल भी नहीं बचा पाई BJP की साख! 10 में से 9 पंचायत समितियों में झटका, कांग्रेस ने 6 पर जमाया कब्जा
राजस्थान की 10 पंचायत समितियों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रात की चौपाल वाले इलाकों में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी सिर्फ धमोतार में बहुमत हासिल कर सकी. कांग्रेस ने 6 पंचायत समितियों में बहुमत पाया. वहीं सांगानेर में RLP और सीमलवाड़ा में BAP सबसे आगे रही.
ADVERTISEMENT

राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने बीजेपी को बड़ा झटका दिया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिन 10 पंचायत समितियों के गांवों में रात की चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया था, उनमें से 9 जगह बीजेपी बहुमत हासिल नहीं कर सकी. इन चुनावों में कांग्रेस ने 6 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया, जबकि बीजेपी सिर्फ एक समिति में बहुमत पा सकी. जयपुर में RLP और डूंगरपुर में BAP ने भी बेहतर प्रदर्शन किया. ऐसे में इन नतीजों ने ग्रामीण इलाकों में बीजेपी की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
BJP को 10 में से सिर्फ एक पंचायत समिति में बहुमत
इन चुनाव परिणामों में बीजेपी को सबसे बड़ी सफलता प्रतापगढ़ जिले की धमोतार पंचायत समिति में मिली. यहां कुल 15 वार्डों में से बीजेपी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की. कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं. इस तरह धमोतार में बीजेपी स्पष्ट बहुमत हासिल करने में सफल रही.
वहीं, बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ पंचायत समिति के 19 वार्डों में बीजेपी ने 7 सीटें जीतीं. यहां कांग्रेस को 5, बीएपी को 4 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 3 सीटें मिलीं. हालांकि बीजेपी यहां भी बहुमत से दूर रही. दूसरी तरफ, कांग्रेस ने अजमेर ग्रामीण, हुरड़ा, जसवंतपुरा, झाड़ोल, डिगाना और बालोतरा पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया.

कांग्रेस ने इन 6 पंचायत समितियों में बनाई बढ़त
कांग्रेस का प्रदर्शन इन चुनावों में बीजेपी के मुकाबले बेहतर रहा. नागौर जिले की डिगाना पंचायत समिति में कुल 23 वार्डों में से कांग्रेस ने 12 सीटें जीतीं. बीजेपी को 5, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को 4 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिलीं.
- जालोर की जसवंतपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस ने 19 में से 12 वार्डों पर जीत दर्ज की. यहां बीजेपी को 7 सीटें मिलीं.
- अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में भी कांग्रेस ने अपना दबदबा बनाए रखा. कुल 19 वार्डों में से कांग्रेस को 11 और बीजेपी को 8 सीटें मिलीं.
- भीलवाड़ा की हुरड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस ने 17 में से 10 वार्ड जीते. बीजेपी को 4, आरएलपी को 1 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिलीं.
- उदयपुर की झाड़ोल पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 में से 8 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. बीजेपी को 5 और बीएपी को 2 सीटें मिलीं.
- वहीं, बालोतरा पंचायत समिति के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 13 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. बीजेपी यहां 10 सीटों पर सिमट गई.
जयपुर में RLP का दबदबा, डूंगरपुर में BAP आगे
जयपुर जिले की सांगानेर पंचायत समिति के नतीजे भी काफी दिलचस्प रहे. यहां कुल 15 वार्डों में से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 8 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. बीजेपी और कांग्रेस को 3-3 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई.
डूंगरपुर जिले की सीमलवाड़ा पंचायत समिति में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने अच्छा प्रदर्शन किया. यहां कुल 15 वार्डों में से बीएपी ने 7 सीटें जीतीं. कांग्रेस को 5 और बीजेपी को 3 सीटें मिलीं. इस तरह बीएपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी.
रात की चौपाल के बावजूद BJP को क्यों लगा झटका?
इन चुनाव परिणामों ने बीजेपी को ग्रामीण इलाकों में बड़ी हार का सामना करना पड़ा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए रात की चौपाल का कार्यक्रम शुरू किया था. लेकिन जिन पंचायत समितियों में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहां के नतीजे बीजेपी के पक्ष में नहीं आए. 10 में से 9 पंचायत समितियों में बीजेपी बहुमत हासिल नहीं कर सकी. इसके उलट कांग्रेस ने 6 समितियों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया.
राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP को बड़ा झटका, 30 साल में जिला परिषद का सबसे खराब प्रदर्शन, आंकड़ों में समझिए कांग्रेस से कितनी पिछड़ी
