मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे के निर्दलीय उतरने से गरमाई सियासत, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिया जवाब
राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने श्रीमाधोपुर के वार्ड 19 से निर्दलीय नामांकन दाखिल किया. उन्होंने स्थानीय भाजपा नेतृत्व से कार्यकर्ताओं की नाराजगी को वजह बताया. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी में परिवारवाद नहीं चलता और हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है.
ADVERTISEMENT

राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा के निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. दुर्गा सिंह ने सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है. उन्होंने इसकी वजह स्थानीय भाजपा नेतृत्व के प्रति कार्यकर्ताओं की नाराजगी को बताया है
स्थानीय भाजपा नेतृत्व से असंतोष
दुर्गा सिंह खर्रा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के पीछे स्थानीय भाजपा नेताओं से कार्यकर्ताओं की नाराजगी को वजह बताया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले करीब ढाई साल से पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष है. कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने उनसे साफ कहा था कि यदि वे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे तो समर्थन देना कठिन होगा, लेकिन निर्दलीय उतरने पर वे पूरा साथ देंगे.
दुर्गा सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता उनके पिता और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है. नाराजगी केवल श्रीमाधोपुर के स्थानीय पार्टी नेतृत्व को लेकर है. उन्होंने कहा कि वे भाजपा से जुड़े हैं और आगे भी पार्टी में ही रहेंगे, लेकिन वर्तमान स्थानीय नेतृत्व से सहमत नहीं हैं.
पिछला चुनाव और नए राजनीतिक समीकरण
गौरतलब है कि दुर्गा सिंह खर्रा ने पिछला पंचायत समिति चुनाव वार्ड संख्या 14 से लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. परिसीमन के बाद वह क्षेत्र वार्ड संख्या 8 (भारणी) में बदल गया है. इस बार उन्होंने वार्ड संख्या 19 से पर्चा भरा है. श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में प्रधान का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, जिससे इस फैसले के बाद प्रधान पद को लेकर भी सरगर्मी बढ़ गई है.
वहीं, विपक्षी दलों ने इस घटनाक्रम को लेकर तंज कसा है. विपक्ष का कहना है कि मंत्री के बेटे को बीजेपी के टिकट पर जीत का भरोसा नहीं था, इसलिए जनता और कार्यकर्ताओं का बहाना बनाकर निर्दलीय मैदान में उतरे हैं.
BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने दी प्रतिक्रिया
इस मामले पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बयान दिया है. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का मौलिक अधिकार प्राप्त है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता. मदन राठौड़ ने दुर्गा सिंह खर्रा के कदम को सीधे बगावत या अनुशासनहीनता करार नहीं दिया. उन्होंने कहा कि यह संबंधित व्यक्ति का अपना निजी निर्णय है.
मंत्री के बेटे के फैसले से श्रीमाधोपुर की राजनीति में चर्चा
दुर्गा सिंह खर्रा के निर्दलीय चुनाव लड़ने और मदन राठौड़ के बयान के बाद श्रीमाधोपुर की स्थानीय राजनीति में यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है. एक तरफ दुर्गा सिंह स्थानीय भाजपा नेतृत्व से नाराजगी को अपने फैसले की वजह बता रहे हैं, वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने चुनाव लड़ने के अधिकार और पार्टी में परिवारवाद नहीं होने की बात कही है.
पायलट साहब अपना घर संभालें... पंचायती राज चुनावों के बीच मदन राठौड़ का सचिन पायलट पर तीखा पलटवार
