राजस्थान पंचायत चुनाव: कोटा समेत 4 जिलों में बदला चुनाव कार्यक्रम, अब 17 दिसंबर को होगी मतगणना

राजस्थान के चार जिलों कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली में पंचायत चुनाव का कार्यक्रम बदल दिया गया है. अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी. जिला प्रमुख का चुनाव 22 दिसंबर, उप जिला प्रमुख का 23 दिसंबर, प्रधान का 24 दिसंबर और उप प्रधान का चुनाव 25 दिसंबर को होगा.

ADVERTISEMENT

Rajasthan Panchayat Election 2026
Rajasthan Panchayat Election 2026
Google CTA

राजस्थान में पंचायत चुनाव से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है. आयोग ने मतगणना से लेकर जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव की नई तारीखें जारी कर दी हैं.

पहले इन चारों जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती 20 नवंबर 2026 को होनी थी. लेकिन अब आयोग के नए आदेश के मुताबिक मतगणना 17 दिसंबर 2026 को होगी. मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और समाप्ति तक जारी रहेगी.

दिसंबर में होंगे जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नए कार्यक्रम के अनुसार, जिला प्रमुख का चुनाव 22 दिसंबर को कराया जाएगा. इसके अगले दिन यानी 23 दिसंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा. वहीं, पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव 24 दिसंबर और उप प्रधान के चुनाव 25 दिसंबर को होंगे.

नामांकन से लेकर मतदान तक का समय

आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के लिए समय-सारणी भी जारी की है. इसके तहत सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी. सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र पेश किए जा सकेंगे. 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी. इसके बाद दोपहर 1 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे.

उम्मीदवारों की अंतिम सूची दोपहर 1 बजे के तुरंत बाद तैयार की जाएगी. इसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच कराया जाएगा. मतदान के तुरंत बाद मतगणना और परिणामों की घोषणा होगी. आयोग ने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को नए कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं.

Rajasthan Panchayat Chunav: गांवों में भी BJP का राज या हो रहा Cong का कमबैक? क्या कह रहे लोग?