Rajasthan Weather: विदाई से पहले मानसून की आखिरी हलचल! 20 सितंबर को राजस्थान के किन जिलों में होगी बारिश?
राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. 20 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के 9 जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. फलोदी और बीकानेर में अधिकतम तापमान 37°C दर्ज किया गया. 21 सितंबर से राज्य में बारिश थम जाएगी.
ADVERTISEMENT

राजस्थान में मानसून अब विदाई के मोड़ पर पहुंच गया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला से होकर मानसून की विदाई रेखा गुजर रही है. अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा. इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में गिरावट दर्ज की जा रही है और 21 सितंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है.
