रोमानिया से राजस्थान घूमने आई थी 30 साल की करीना, अचानक कैसे हुई मौत?

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंडावा घूमने आई 30 वर्षीय रोमानियाई महिला करीना इएकैप की मौत हो गई. होटल में अचानक सांस लेने में परेशानी होने पर साथी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

ADVERTISEMENT

Romanian Tourist Death
Romanian Tourist Death
Google CTA

राजस्थान घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय महिला पर्यटक की अचानक मौत हो गई. महिला अपने 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटक दल के साथ भारत आई थी. झुंझुनूं जिले के मंडावा घूमने के दौरान वह चूड़ी अजितगढ़ स्थित एक होटल में रुकी थी. शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी. साथी पर्यटक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्टअटैक मानी जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मृतका की पहचान करीना इएकैप के रूप में हुई है. नवलगढ़ के डीएसपी सुगन सिंह के मुताबिक, विदेशी पर्यटकों का यह दल शुक्रवार रात विवाना होटल में ठहरा था. शनिवार सुबह करीब 9 बजे करीना ने अपने साथियों को बताया कि उसकी तबीयत खराब हो रही है. उसे सांस लेने में काफी परेशानी महसूस हो रही थी.

इसके बाद साथियों ने होटल स्टाफ को सूचना दी और करीना को तुरंत मुकुंदगढ़ के अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन जब उसे अस्पताल लाया गया, तब वह बेसुध थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

4 नवंबर को 30 सदस्यीय ग्रुप के साथ भारत आई थी महिला

पुलिस के अनुसार, करीना 4 नवंबर को 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटक दल के साथ भारत पहुंची थी. यह समूह राजस्थान के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की यात्रा पर आया हुआ था. इसी दौरान सभी पर्यटक मंडावा पहुंचे और चूड़ी अजितगढ़ के विवाना होटल में ठहरे थे.

महिला की अचानक मौत के बाद पुलिस ने उसके साथ आए पर्यटकों से पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि करीना को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी थी या नहीं. साथ ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने के पीछे क्या वजह रही, इसकी भी जांच की जा रही है.

होटल में खाने और यात्रा की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस इस मामले में पर्यटक दल की पिछले कुछ दिनों की यात्रा का ब्योरा भी जुटा रही है. अधिकारी पता कर रहे हैं कि समूह ने राजस्थान में किन-किन जगहों का दौरा किया था. इसके अलावा शुक्रवार रात विवाना होटल में पर्यटकों ने क्या खाना खाया था, इसकी जानकारी भी ली जा रही है.

इसके लिए होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है. शुरुआती आशंका हार्टअटैक की है, लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं, IMD ने जारी किया नया अपडेट