राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले सचिन पायलट का बड़ा हमला, आप सरकार और सीएम भगवंत मान को लेकर कही बड़ी बात
राहुल गांधी के पंजाब दौरे और संगरूर में 'इंसाफ रैली' से पहले राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राज्य में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाते हुए आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा संभाला.
ADVERTISEMENT

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं . पंजाब के संगरूर में राहुल गांधी की इंसाफ रैली से पहले सचिन पायलट ने राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने पंजाब में कानून व्यवस्था और बढ़ते नशे के मुद्दों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया.
पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
सचिन पायलट ने संगरूर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है, लेकिन यहां ड्रग्स और गैंगस्टर्स की वजह से हालात बद से बदतर हो चुके हैं. आए दिन गोलियां चल रही हैं, लोगों की जानें जा रही हैं और फिरौती मांगी जा रही है. उन्होंने सीएम भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मुख्यमंत्री जो हर बात को मजाक में लेते हैं और जिन्हें चुटकुले सुनाने का शौक है, वे राज्य को संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं.
ड्रग्स की होम डिलीवरी हो रही है
पंजाब में सबसे बड़े मुद्दे के रूप में नशे (ड्रग्स) का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि पिछले पांच सालों में स्थिति और खराब हुई है. राज्य में अब ड्रग्स की होम डिलीवरी हो रही है और इसे सत्ताधारी लोगों, पुलिस प्रशासन व राजनीतिक लोगों का संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने कहा कि अगर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो इस समस्या का समाधान संभव है, लेकिन सिस्टम में करप्शन फैला हुआ है.
कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प, आप सरकार का जाना तय
पायलट ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक और सांसद लगातार पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, जिससे साफ है कि पार्टी बिखर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र विकल्प है. राहुल गांधी के इस दौरे और इंसाफ रैली से पंजाब कांग्रेस में नया जोश आएगा और पार्टी आने वाले चुनावों में मजबूत एजेंडे के साथ उतरेगी.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन, रात 2 बजे पहुंची IB और CID
