उदयपुर में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद हिंसा, पुष्पा देवी की जीत पर बवाल; पथराव और आगजनी, गाड़ियों में तोड़फोड़
उदयपुर के खेरवाड़ा की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद हिंसा भड़क गई. पुष्पा देवी की जीत की घोषणा के बाद समर्थकों के विरोध के बीच पथराव और आगजनी हुई. भीड़ ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की.
ADVERTISEMENT

उदयपुर जिले में सरपंच चुनाव के नतीजे आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में जीत की घोषणा के बाद जमकर हंगामा हुआ. यहां सरपंच पद पर पुष्पा देवी की जीत के बाद पथराव और आगजनी की घटना सामने आई. आक्रोशित लोगों ने मतगणना स्थल के पास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और वहां रखे सामान को भी आग के हवाले कर दिया.
घटना शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है. मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवाघरा में चल रही थी. जानकारी के मुताबिक, मतगणना पूरी होने के बाद पुष्पा देवी को विजयी घोषित किया गया. इसके बाद उन्हें मतगणना स्थल से घर पहुंचाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोग भड़क गए और विरोध शुरू कर दिया.
जीत की घोषणा के बाद शुरू हुआ पथराव
पुष्पा देवी को मतगणना स्थल से घर ले जाने के दौरान विरोध कर रहे लोगों ने परिसर में पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई. भीड़ ने पास में स्थित एक बूथ को भी निशाना बनाया और वहां आगजनी की घटना को अंजाम दिया.
वाहनों में तोड़फोड़, टेबल-कुर्सियां भी जलाईं
हंगामा कर रही भीड़ ने बूथ परिसर में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया. वहां रखी टेबल, कुर्सियां और दूसरे सामान में भी तोड़फोड़ की गई. इसके बाद कुछ सामान को आग के हवाले कर दिया गया.
करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर हंगामा चलता रहा. इस दौरान पुलिस के जवान भी भीड़ से बचते नजर आए. उपद्रव कर रही भीड़ को देखकर एक बार पुलिस प्रशासन के सामने भी स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई.
आसपास के थानों से बुलाना पड़ा पुलिस बल
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलने के बाद बावलवाड़ा थाने के अलावा आसपास के दूसरे थानों से भी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया. अतिरिक्त पुलिस जाब्ता पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया.
