वसुंधरा राजे के गढ़ में 21 साल की लड़की का जलवा! कौन हैं वर्षा झाला, जो बनीं राजस्थान की सबसे युवा जिला प्रमुख?

राजस्थान के झालावाड़ में 21 साल की वर्षा झाला जिला प्रमुख चुनी गई हैं. बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था. वह वार्ड नंबर 15 से जिला परिषद सदस्य का चुनाव भी जीत चुकी हैं. उनके पिता बीजेपी में मंडल अध्यक्ष हैं. राजस्थान में इस बार 37 में से 26 जिला प्रमुख महिलाएं बनी हैं.

ADVERTISEMENT

varsha jhala
varsha jhala
Google CTA

अक्सर राजनीति को 'बड़े-बुजुर्गों' का अखाड़ा माना जाता है. कहा जाता है कि जब तक बाल सफेद न हो जाएं और तजुर्बे की झुर्रियां चेहरे पर न दिखें, तब तक कुर्सी मिलना मुश्किल है. लेकिन राजस्थान के हालिया पंचायत और जिला प्रमुख चुनावों ने इस पुराने मिथक को सिरे से खारिज कर दिया है. राज्य में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और जो तस्वीर उभरकर सामने आई है, वो बेहद दिलचस्प है. प्रदेश के 37 में से 26 जिलों में महिलाओं ने बाजी मारी है, यानी आधे से ज्यादा जिलों की 'बॉस' अब महिलाएं होंगी. लेकिन असली सुर्खियां बटोर रही हैं वो युवा चेहरा हैं, जिनकी उम्र अभी ठीक से 25 साल भी नहीं हुई है और वो सीधे जिले की सबसे बड़ी पंचायत की मुखिया बन बैठी हैं. इस पूरी चर्चा के केंद्र में जो नाम सबसे ऊपर वह हैं झालावाड़ की वर्षा झाला का.

कॉलेज से निकलकर सीधे सियासी अखाड़े में उतरीं वर्षा

झालावाड़ से महज 21 साल की वर्षा झाला जिला प्रमुख चुनी गई हैं. भारतीय जनता पार्टी ने उन पर दांव खेला और वर्षा ने पार्टी के भरोसे को सही साबित भी कर दिखाया. चुनाव का पूरा गणित देखें तो वर्षा ने पहले वार्ड नंबर 15 से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ा और करीब 3500 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. इसके बाद पार्टी ने उन्हें जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया और वो जीतकर कुर्सी तक पहुंच गईं.

2024 में कॉलेज से निकली, 2026 में बनीं जिला प्रमुख

अगर वर्षा की पढ़ाई-लिखाई और बैकग्राउंड पर नजर डालें, तो चुनाव आयोग को दिए गए शपथ पत्र से कई दिलचस्प बातें पता चलती हैं. उन्होंने साल 2024 में ही कोटा विश्वविद्यालय से बीए, बीएड की पढ़ाई पूरी की है. यानी कॉलेज की दहलीज पार करते ही उनकी सीधी सियासी मैदान में एंट्री हो गई.

पैसों के मामले में भी उनका हिसाब-किताब बिल्कुल साफ-सुथरा और सीमित है. शपथ पत्र के मुताबिक, उनके पास 50 हजार रुपये नकद हैं और इतनी ही रकम बैंक व गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं में जमा है. हालांकि राजनीति उन्हें घर के माहौल से ही मिली है, क्योंकि उनके पिता प्रताप सिंह झाला बीजेपी में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

राजस्थान की सियासत में 'अंडर-30' ब्रिगेड की धमक

राजस्थान की स्थानीय राजनीति में युवाओं की यह धमक सिर्फ वर्षा तक सीमित नहीं है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों से इस बार 29 साल से कम उम्र की कई महिला उम्मीदवारों ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया है. इनमें ब्यावर से ममता गुर्जर, झुंझुनूं से कोमल भंवरिया, बीकानेर से निकिता कड़वासरा, बूंदी से हंसा गुर्जर और धौलपुर से अनीशा सिंह का नाम भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

राजस्थान के दो जिलों में वोटों से नहीं, पर्ची से चुने गए नए जिला प्रमुख! आखिर ऐसा क्यों हुआ?