देशभक्ति या पैसा, क्या ज्यादा जरूरी? India vs Pakistan मैच पर भड़के ओवैसी

India vs Pakistan: भारत-पाकिस्तान मैच पर ओवैसी ने बीजेपी को घेरा है. उन्होंने पूछा कि क्या 26 भारतीयों की जान से ज्यादा क्रिकेट से मिलने वाला पैसा अहम है? बीसीसीआई ने कहा कि बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलना सरकारी नीति है, इसलिए मैच खेलना जरूरी है.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

India vs Pakistan: 9 सितंबर से UAE में एशिया कप की शुरूआत हो चुकी है. आज भारत-पाकिस्तान के बीच खास मुकाबला होने जा रहा है. खास इसलिए क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी. देश में एक बड़ा वर्ग इस मैच के खिलाफ है. सोशल मीडिया पर मैच ना देखने की अपील की जा रही है. वहीं क्रिकेट प्रेमी इसे ऑपरेशन सिंदूर के बाद दूसरा ऑपरेशन मान रहे हैं और कह रहे हैं कि टीम इंडिया मैच जीतकर पाकिस्तान को फिर से मचा चखाएगी. इस बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का बयान भी सामने आया है. 

इस मैच को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या 26 बेगुनाह भारतीयों की जान की कीमत पैसे से कम है?

'खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते'

ओवैसी ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके पुराने बयान की याद दिलाई.

उन्होंने कहा, "जब आपने कहा था कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते, बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते तो आज आप किसे ज्यादा महत्व दे रहे हैं, 26 भारतीय नागरिकों की जान को या पैसे को?"

ओवैसी ने असम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से भी पूछा कि क्या उनमें पाकिस्तान के साथ मैच खेलना बंद करने की हिम्मत नहीं है?

पहलगाम में हुए हमले की याद दिलाई

ओवैसी ने तीखा हमला करते हुए 26 भारतीयों के मारे जाने की घटना का जिक्र किया, जिन्हें पहलगाम में कथित तौर पर उनका धर्म पूछकर मार दिया गया था.

उन्होंने कहा, "ये वही पाकिस्तान है, जिसने हमारे 26 निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछकर गोली मार दी थी."

ओवैसी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि इतनी सब घटनाओं के बावजूद टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ मैच खेल रही हैं.

उन्होंने इमोशनल सवाल पूछते हुए कहा, "अगर आपकी अपनी बेटी की मौत हो जाती, और उसकी मेहंदी भी नहीं छूटी होती तो क्या आप तब भी क्रिकेट खेलते?"

ओवैसी ने आरोप लगाया कि रविवार को होने वाले मैच से 600-700 करोड़ रुपये का राजस्व आएगा और यही वजह है कि सरकार पाकिस्तान के साथ मैच खेलने को मंजूरी दे रही है. उन्होंने सवाल किया कि क्या अब बीजेपी नेता देशभक्ति की बात करेंगे?

मैच खेलना सरकार की नीति का हिस्सा: BCCI सचिव

इस पूरे विवाद के बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि भले ही भारत को ऐसे देश के साथ खेलना पड़ रहा है, जिसके साथ हमारे संबंध अच्छे नहीं हैं लेकिन बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेना भारत सरकार की नीति का हिस्सा है. इसी वजह से हम इन मैचों को रद्द नहीं कर सकते.

सैकिया ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगे और यह उन घटनाओं का करारा जवाब होगा जिन्हें हम याद नहीं करना चाहते.