Agra MLC Election: रो पड़े थे सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल, अब आगरा के 3 बूथों पर दोबारा होगा मतदान
आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल द्वारा बोगस वोटिंग के आरोप लगाने और रोने के बाद बवाल बढ़ गया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए आगरा के 3 मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को दोबारा वोटिंग (रिपोलिंग) कराने का फैसला किया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान हुए भारी हंगामे और बोगस वोटिंग के आरोपों के बाद अब निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. आगरा के तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को फिर से वोट डाले जाएंगे. यह कदम सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल द्वारा बोगस वोटिंग और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाने तथा मीडिया के सामने भावुक होकर रो पड़ने के बाद उठाया गया है.
कैमरे के सामने रो पड़े थे सपा प्रत्याशी
23 तारीख को मतदान के दौरान आगरा के कई सेंटर्स पर सपा और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे. स्थिति तब और गंभीर हो गई जब पोलिंग खत्म होने से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल मीडिया के सामने आए. उन्होंने अधिकारियों पर अभद्रता और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए और भावुक होकर रो पड़े.
आकाश अग्रवाल ने कहा था कि अगर शिक्षक-प्रबंधकों के साथ इस तरह की ज्यादती होगी तो चुनाव लड़ना मुश्किल है. उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाए जा सकते हैं.
अखिलेश यादव ने उठाई थी आवाज, DM ने भेजी सिफारिश
घटना के बाद आकाश अग्रवाल ने आगरा मंडल कमिश्नर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी. इसके साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया और मंचों से इस मामले को उठाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए आगरा के डीएम मनीष बंसल ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तीन बूथों पर दोबारा मतदान कराने की संस्तुति की थी, जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया.
इन 3 बूथों पर 26 अक्टूबर को होगी रिपोलिंग
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, निम्नलिखित तीन बूथों पर 26 अक्टूबर को फिर से मतदान होगा:
- बूथ संख्या 20: खैरागढ़ तहसील परिसर (कक्ष संख्या 1)
- बूथ संख्या 21: सैयां क्षेत्र पंचायत कार्यालय (कक्ष संख्या 1)
- बूथ संख्या 26: फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय (कक्ष संख्या 1)
27 अक्टूबर को आएंगे परिणाम
शिक्षक और स्नातक खंड निर्वाचन की कुल 11 सीटों के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित होने हैं. रिजल्ट से ठीक एक दिन पहले 26 अक्टूबर को होने वाली इस रिपोलिंग पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. आगरा शिक्षक खंड सीट पर सपा के आकाश अग्रवाल का मुकाबला बीजेपी के हरिकिशोर तिवारी से है.
ये भी पढ़ें: दो पूर्व SDM सस्पेंड, FIR भी दर्ज, पीलीभीत वोटर लिस्ट मामले में क्या-क्या हुआ?
