राम मंदिर जाएंगे अखिलेश यादव, डिंपल यादव और दोनों बच्चे भी रहेंगे साथ, पवन पांडे ने बताई तारीख
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे. वह पत्नी डिंपल यादव और दोनों बच्चों के साथ हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे. सपा नेता पवन पांडे ने पंचायत आजतक में इसकी जानकारी दी. इस दौरान अखिलेश साधु-संतों से भी मुलाकात करेंगे.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे. इस दौरान वह अपने पूरे परिवार के साथ राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे. सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने पंचायत आजतक के मंच पर यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या पहुंचेंगे.
12 दिसंबर को परिवार के साथ पहुंचेंगे अयोध्या
पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा. वह अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे. सबसे पहले हनुमानगढ़ी के बजरंग गली स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे.
इस दौरान डिंपल यादव और उनके दोनों बच्चे भी साथ रहेंगे. अखिलेश यादव अयोध्या में साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे. वह अलग-अलग मठों में जा सकते हैं. संतों से आशीर्वाद लेने के बाद उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे.
पवन पांडे ने पंचायत आजतक में बताई तारीख
पंचायत आजतक के कार्यक्रम में पवन पांडे से सवाल पूछा गया कि अखिलेश यादव अब तक राम मंदिर और हनुमानगढ़ी क्यों नहीं गए. इस पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार इस मुद्दे पर सवाल उठाते रहे हैं.
पवन पांडे ने कहा कि वह खुद हनुमानगढ़ी जाते हैं और वहां उनकी श्रद्धा है. उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव या उन्होंने कभी धर्म और मंदिर के नाम पर वोट मांगने की बात नहीं कही.
इसके बाद पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी देते हुए इसे बड़ी खबर बताया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार राम मंदिर में दर्शन करने आएंगे.
पंचायत आजतक में बातचीत के दौरान पवन पांडे ने राम मंदिर में चोरी के मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे. वह मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय की विनती करेंगे.
