अंकिता हत्याकांड में 4085 पन्नों की चैट ने बढ़ाया विवाद! पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ कोतवाली पहुंची पहाड़ी महासभा

Ankita Bhandari Murder Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. अंकिता की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने पर पहाड़ी महासभा ने हरिद्वार में प्रदर्शन किया. संगठन ने विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की है.

ADVERTISEMENT

पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ कोतवाली पहुंची पहाड़ी महासभा
पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ कोतवाली पहुंची पहाड़ी महासभा
Google CTA

Ankita Bhandari Murder Case: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के एक कदम से नया विवाद खड़ा हो गया है. अंकिता की करीब 4085 पन्नों की निजी व्हाट्सऐप चैट मीडिया के सामने रखने के बाद हरिद्वार में विरोध शुरू हो गया है. पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने हरिद्वार कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर दी. महासभा ने अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाने और उसकी निजी चैट सार्वजनिक करने का आरोप लगाते हुए विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की है.

निजी चैट सार्वजनिक करने पर क्यों भड़की पहाड़ी महासभा?

रविवार को विनोद आर्य अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ हरिद्वार प्रेस क्लब पहुंचे थे. यहां उन्होंने पत्रकार वार्ता में अंकिता भंडारी की करीब 4085 पन्नों की व्हाट्सऐप चैट पेश की थी. उन्होंने इस चैट के आधार पर एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए थे. विनोद आर्य का आरोप था कि जांच के दौरान कई जरूरी पहलुओं को नजरअंदाज किया गया. उन्होंने अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता-पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि चैट में सामने आई बातों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने मांग की थी कि सीबीआई जांच में इन चैट को भी शामिल किया जाए.

हरिद्वार कोतवाली पहुंचकर की गिरफ्तारी की मांग

विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने विरोध जताया. महासभा के सदस्य हरिद्वार कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया. उन्होंने विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर देते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की. महासभा का कहना है कि अंकिता की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना गलत है. साथ ही, इस तरह उसकी निजी जिंदगी को लेकर सवाल उठाना भी स्वीकार नहीं किया जा सकता. पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है.

'निजी चैट उनके पास कहां से आई?'

पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक की. उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में चैट के पन्ने उनके पास कहां से आए और किस कंपनी ने उन्हें ये जानकारी दी. तरुण व्यास ने कहा कि किसी व्यक्ति की निजी चैट को सार्वजनिक करना गंभीर मामला है. उनके मुताबिक, अंकिता के माता-पिता आज भी न्याय के लिए आवाज उठा रहे हैं. ऐसे में उसकी निजी बातचीत को सामने लाकर उसके चरित्र पर सवाल उठाना गलत है. उन्होंने यह भी मांग की कि पुलकित आर्य के परिवार की संपत्ति और रिसॉर्ट में निवेश से जुड़े पहलुओं की जांच हो. तरुण व्यास ने एसआईटी जांच दोबारा कराने की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल होनी चाहिए.

महिला मोर्चा अध्यक्ष ने सरकार से की ये मांग

पहाड़ी महासभा की महिला मोर्चा अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने भी विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंकिता का मोबाइल नहीं मिलने की बात कही गई थी, तो अब उसकी चैट विनोद आर्य के पास कैसे पहुंची? सरिता पुरोहित ने इसे गंभीर मामला बताते हुए सरकार से अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर एक हफ्ते के भीतर विनोद आर्य की गिरफ्तारी नहीं हुई तो महासभा की महिलाएं और अन्य सदस्य सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे.

विनोद आर्य ने एसआईटी जांच पर उठाए थे सवाल

दरअसल, विनोद आर्य ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि अंकिता हत्याकांड की जांच में कई अहम तथ्यों पर ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने चैट के आधार पर अंकिता के माता-पिता और उसके दोस्त पर भी आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि उन्होंने पहले भी चैट के जरिए पुलिस और एसआईटी के सामने अपना पक्ष रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. विनोद आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि जनभावनाओं और दबाव के चलते उनके बेटे पुलकित आर्य और उसके साथियों को सजा सुनाई गई. उन्होंने मांग की कि चैट में सामने आए तथ्यों की जांच हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. अब उनकी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हरिद्वार में पहाड़ी महासभा ने विरोध प्रदर्शन कर उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई है.

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर ने नार्को-पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए दी सहमति, जानें कहां होगी जांच?