सपा नेता अनुराग भदौरिया की पत्नी ने छोड़ा PCS अधिकारी का पद, क्या लड़ेंगी चुनाव? सियासी गलियारों में चर्चा तेज!
Anupama Saroj Singh News: उत्तर प्रदेश में जीएसटी की डिप्टी कमिश्नर और पीसीएस अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने अपने पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है. सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी और राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली अनुपमा के सार्वजनिक जीवन में प्रवेश और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT

Anupama Saroj Singh VRS PCS Officer: उत्तर प्रदेश में राज्य कर विभाग (GST) में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहीं PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने राजनीति में आने के इरादे से यह फैसला लिया है. अनुपमा सरोज सिंह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. ऐसे में चलिए जानते हैं कौन हैं अनुपमा सरोज और क्या है उनका पारिवारिक बैकग्राउंड?
कौन हैं अनुपमा सरोज सिंह?
अनुपमा सरोज सिंह का परिवार प्रशासनिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है. उनके पिता आरपी सरोज सेवानिवृत्त IPS अधिकारी हैं. वह ADG जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वहीं, उनकी मां सुशीला सरोज समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं. वह 2004 में लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से लोकसभा सांसद चुनी गई थीं और मुलायम सिंह यादव की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं.
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले अनुपमा सरोज सिंह संगीत और फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ी रही हैं. वह एक गायिका के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं. इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा का रास्ता चुना और PCS अधिकारी बनीं.
क्यों छोड़ी नौकरी और क्या हैं राजनीतिक कयास?
नवंबर 2026 में अनुपमा सरोज सिंह ने अपनी नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने इस फैसले की वजह बताई. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्हें समाज को करीब से समझने और लोगों की समस्याओं पर काम करने का मौका मिला, लेकिन व्यवस्था के भीतर रहते हुए काम करने की कुछ सीमाएं भी होती हैं. उनके मुताबिक, अब सिर्फ बदलाव की उम्मीद करने के बजाय नीति निर्माण की प्रक्रिया में खुद भागीदार बनने का समय है.
हालांकि, अनुपमा सरोज सिंह ने अपने वीडियो में सीधे तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान नहीं किया है. लेकिन उनकी टीम की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट और सिधौली विधानसभा सीट का जिक्र होने के बाद उनके चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतर सकती हैं. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी उनकी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
