गोरखपुर: किराए के मकान में रितिक के साथ रह रही थी शादीशुदा महिला, काम पर गई तो गायब हो गया बेटा आरुष, अब सामने आई दर्दनाक कहानी
Gorakhpur news: गोरखपुर में पांच साल के मासूम आरुष के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया. मां उसे तलाशती रही और पुलिस से मदद मांगती रही. लेकिन CCTV फुटेज की जांच में ऐसा सुराग मिला, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी. पुलिस ने मां के साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चौंकाने वाली कहानी सामने आई.
ADVERTISEMENT

न्यूज़ हाइलाइट्स
आरुष
Gorakhpur news: घर में छोटा बच्चा हो तो उसकी हंसी और शरारतों से ही पूरा माहौल गुलजार रहता है. मां की नजर से ओझल होते ही परिवार उसे तलाशने लगता है. लेकिन सोचिए, जिस मासूम को मां सुबह घर पर छोड़कर काम पर गई हो, वह लौटने पर गायब मिले और उसकी तलाश के दौरान ऐसी सच्चाई सामने आए, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह जाए. गोरखपुर में पांच साल के आरुष के साथ हुई घटना ने इसी तरह कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का आरोप है कि बच्चे की मां के साथ रह रहे रितिक यादव ने ही उसे अगवा कर राप्ती नदी में फेंक दिया.
26 नवंबर को अचानक लापता हो गया था आरुष
मामला गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार का है. जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर की सुबह पांच साल का आरुष अचानक घर से लापता हो गया. उसकी मां सुबह करीब 4:44 बजे काम पर गई थी. मां के मुताबिक, उस वक्त आरुष सो रहा था. सुबह करीब 6:45 बजे जब वह घर लौटी तो बच्चा वहां नहीं मिला. मां ने पहले घर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की. इसके बाद उन जगहों पर भी पता किया, जहां वह काम करने जाती थी. काफी देर तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए टीमें गठित कीं.
CCTV में मां के साथ रहने वाले रितिक के साथ दिखा आरुष
पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें आरुष अपनी मां के साथ रह रहे रितिक यादव की कार में बैठकर जाता दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर रितिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में रितिक जांच को गुमराह करता रहा. हालांकि, CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस का दावा- राप्ती नदी में फेंक दिया था आरुष को
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रितिक ने बताया कि वह आरुष को कार में बैठाकर बाघागाड़ा पुल के पास राप्ती नदी के किनारे ले गया था. वहां से उसने बच्चे को नदी में फेंक दिया. इसके बाद पुलिस ने नदी में आरुष की तलाश शुरू कराई. गोताखोरों की मदद ली गई और पुलिस की टीमें खोजबीन में जुट गईं. पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे बच्चे को लेकर आरोपी और उसकी मां के बीच विवाद था. पुलिस का दावा है कि रितिक अपना बच्चा चाहता था, लेकिन आरुष की मां इसके लिए तैयार नहीं थी. इसके अलावा बच्चे की ओर से कहे गए कुछ अपशब्दों को लेकर भी आरोपी नाराज था. पुलिस का कहना है कि इसी गुस्से में उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया.
क्या है आरुष के परिवार की कहानी?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरुष की मां मूल रूप से महाराजगंज की रहने वाली है. करीब 10 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बेटे हैं. इनमें से एक बेटा ननिहाल में रहता है, जबकि पांच साल का आरुष मां के साथ गोरखपुर में रहता था.
महिला और उसके पहले पति के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा है. इसी दौरान उसकी नजदीकियां रितिक यादव से बढ़ीं. दोनों गोरखपुर की मानस विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे. हालांकि, महिला ने पुलिस के सामने रितिक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात से इनकार किया है.
मां ने बताई उस सुबह की पूरी कहानी
बच्चे की मां के मुताबिक, वह रोज सुबह काम पर जाती थी और आरुष अक्सर उसके पीछे आने की जिद करता था. 26 नवंबर की सुबह भी बच्चे ने उसके साथ जाने की इच्छा जताई थी. मां ने ठंड का हवाला देते हुए उसे घर पर ही रहने को कहा. महिला का कहना है कि इसके बाद आरुष सो गया और वह काम पर चली गई. सुबह करीब 6:45 बजे लौटने पर उसने देखा कि घर खुला था, लेकिन बच्चा वहां नहीं था.
उसने पहले बाथरूम और फिर आसपास तलाश की. इसके बाद उन घरों में भी पता किया, जहां वह काम करती थी. जब कहीं आरुष का पता नहीं चला तो वह पुलिस चौकी पहुंची. फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच और नदी में बच्चे की तलाश अहम है. एक पांच साल के मासूम के लापता होने से शुरू हुआ यह मामला अब कथित हत्या की आशंका तक पहुंच गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: रामलखन के अंतिम संस्कार में खुला उनकी कथित दो शादियों का राज, आमने-सामने आईं दोनों पत्नियां
