कौशांबी: पर्सनल कार में हूटर बजाकर पहुंचे दरोगा, कैमरा ऑन होते ही खिसके, ट्रैक्टर चालक ने लगाए वसूली के आरोप

Kaushambi Daroga Viral Video: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सराय अकिल थाने में तैनात दरोगा विकास मिश्रा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. पर्सनल कार में हुटर बजाकर रौब झाड़ रहे दरोगा पर एक ट्रैक्टर चालक ने 500 रुपये मांगने, गाली-गलौज और बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

ADVERTISEMENT

कौशांबी में दरोगा का 'हूटर वाला भौकाल
कौशांबी में दरोगा का 'हूटर वाला भौकाल
Google CTA

Kaushambi Daroga Viral Video:वर्दी की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी पर ही जब अवैध वसूली और बदसलूकी के आरोप लगें तो सवाल उठना लाजिमी है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कौशांबी से सामने आया है. यहां एक दरोगा का 'हूटर वाला भौकाल' और सड़क पर आम नागरिक के साथ तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि दरोगा पर्सनल कार में हूटर बजाते हुए पहुंचे और ट्रैक्टर चालक से उलझ गए. अब ट्रैक्टर चालक उन पर अवैध वसूली और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगा रहा है. जैसे ही मौके पर मौजूद एक शख्स ने कैमरा ऑन किया तो दरोगा वहां से खिसक गए.

क्या है पूरा मामला और कैसे शुरू हुआ विवाद?

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 13 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे की है. सराय अकिल चौराहे के पास से मिट्टी से लदा हुआ एक ट्रैक्टर गुजर रहा था, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. इसी दौरान सराय अकिल थाने में तैनात दरोगा विकास मिश्रा अपनी पर्सनल कार में हुटर बजाते हुए उस ट्रैक्टर के पीछे आए और उसे जबरन रुकवा लिया.

ट्रैक्टर रुकते ही चालक और दरोगा के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई. ट्रैक्टर चालक का आरोप है कि इलाके में बिना नंबर प्लेट के कई वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती, बल्कि सिर्फ उसके ट्रैक्टर को निशाना बनाकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा है. चालक ने यहां तक आरोप लगाया कि दरोगा द्वारा उससे पहले भी 500 रुपये की मांग की जा चुकी है, हालांकि इन पैसों के लेनदेन वाले आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

कैमरा ऑन होते ही मौके से खिसके दरोगा

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह ट्रैक्टर चालक गुस्से में अपनी बात रख रहा है और दरोगा से सवाल कर रहा है. चालक का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. इसी बीच, जब मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो कैमरा ऑन होते ही दरोगा अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठे और वहां से तुरंत रवाना हो गए.

पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया और जांच के आदेश

मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कौशांबी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. कौशांबी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण का संज्ञान ले लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सराय अकिल थाने के प्रभारी निरीक्षक को इस मामले की पूरी जांच कर आवश्यक और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं. फिलहाल, इस वायरल वीडियो के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: पहले हुई कहासुनी, फिर गुस्से में पत्नी ने कर दी पति की हत्या, अब वीडियो से खुली वारदात की कहानी