कौन हैं BJP के बाहुबली नेता उदयभान करवरिया, जिन्होंने प्रयागराज में किया शक्ति प्रदर्शन और डिप्टी सीएम केशव मौर्य को दी चुनौती?
Udaybhan Karwariya Power Prayagraj: प्रयागराज में बाहुबली बीजेपी नेता उदयभान करवरिया ने एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने बिना नाम लिए चुनौती दी कि पद छोड़कर इतनी भीड़ जुटाकर दिखाएं. साथ ही सीएम योगी की तारीफ करते हुए शहर उत्तरी सीट से विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी का खुला समर्थन किया है.
ADVERTISEMENT

Udaybhan Karwariya Power Prayagraj: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है. खासकर प्रयागराज से एक ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया है जिसने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है. बाहुबली बीजेपी नेता उदयभान करवरिया ने एक विशाल जनसभा के जरिए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया है. हजारों की संख्या में जुटे समर्थकों और गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ मैदान में उतरे उदयभान करवरिया ने न केवल अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराया, बल्कि अपनी ही पार्टी के दिग्गज नेताओं को मंच से खुली चुनौती भी दे डाली.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा हमला
अपनी जनसभा के दौरान उदयभान करवरिया ने बिना किसी का नाम लिए सीधे तौर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सत्ता और पद पर रहने पर चाटुकारों की भीड़ लगी रहती है, लेकिन असली लोकप्रियता वह है जो बिना किसी पद के दिखाई दे. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो पद छोड़कर इतनी भीड़ जुटाकर दिखाएं, वे जिंदगी भर उनकी गुलामी करेंगे.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनका यह सीधा इशारा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की तरफ था. इसके अलावा, करवरिया ने हाल ही में प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान यूजीसी के मुद्दे पर सवाल पूछने वाले युवक के साथ हुई धक्का-मुक्की और पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की.
सीएम योगी की तारीफ और हर्षवर्धन वाजपेयी का समर्थन
एक तरफ जहां उन्होंने पार्टी के भीतर विरोधी खेमे पर निशाना साधा, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "योगी है तो उत्तर प्रदेश है." करवरिया ने यह भी दावा किया कि यूजीसी को लेकर चल रहा विवाद प्रदेश सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि ऊपर के स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कमजोर करने की एक सोची-समझी साजिश है.
इसके साथ ही, प्रयागराज की शहर उत्तरी विधानसभा सीट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उदयभान करवरिया ने मौजूदा बीजेपी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के पक्ष में खुलकर बैटिंग की. उन्होंने जनता से अपील की कि वे हर्षवर्धन वाजपेयी को मजबूत बनाए रखें और उनके खिलाफ चल रही अंदरखाने की राजनीतिक गतिविधियों से सावधान रहें.
यह पढ़ें: UP Election 2027 Survey: यूपी में BJP, सपा या BSP कौन कितना आगे? वोट वाइब के पोल ट्रैकर ने बता दिया
कौन हैं उदयभान करवरिया, जानें उनका राजनीतिक सफर
प्रयागराज और पूर्वांचल की राजनीति में करवरिया परिवार का प्रभाव पुराना और काफी मजबूत रहा है. उदयभान करवरिया खुद 2002 और 2007 में बारा विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक रह चुके हैं. उनके बड़े भाई कपिल मुनि करवरिया सांसद और छोटे भाई सूरजभान करवरिया विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं.
हालांकि, साल 1996 के चर्चित जवाहर पंडित हत्याकांड मामले में सजा होने के बाद ये भाई जेल चले गए थे, जिसके बाद उदयभान की पत्नी नीलम करवरिया ने राजनीतिक विरासत संभाली और 2017 में विधायक बनीं. जुलाई 2024 में अच्छे आचरण के चलते उदयभान करवरिया की समय से पहले जेल से रिहाई हो गई थी. अब जेल से बाहर आने के बाद इस बड़े शक्ति प्रदर्शन के जरिए उन्होंने साफ कर दिया है कि प्रयागराज की सियासत में करवरिया परिवार एक बार फिर अपनी पुरानी धमक और दबदबा कायम करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
इनपुट: पंकज श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव पर ओवैसी का हमला, PDA का बताया नया मतलब, चंद्रशेखर आजाद की तारीफ में क्या बोले?
