पूर्वांचल का सियासी मिजाज: आजमगढ़ से बस्ती और वाराणसी तक, जानें किन दिग्गजों की सीट पर मंडरा रहा है खतरा

यूपी के पूर्वांचल की 141 विधानसभा सीटों पर आए एक ताजा सर्वे के मुताबिक, अकेले लड़ने या गठबंधन करने दोनों ही स्थितियों में समाजवादी पार्टी और 'इंडिया' गठबंधन को NDA पर बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है.

ADVERTISEMENT

आजम खान- योगी आदित्यनाथ
आजम खान- योगी आदित्यनाथ
Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में कहा जाता है कि सत्ता का रास्ता पूर्वांचल से होकर गुजरता है. इसी बीच, हमारी सहयोगी वेबसाइट 'UP Tak' की एक खास वीडियो रिपोर्ट में पूर्वांचल की 141 विधानसभा सीटों को लेकर एक ताजा सर्वे (SCORE Survey) के आंकड़े पेश किए गए हैं. इस सर्वे ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है, क्योंकि इसके मुताबिक कई बड़े दिग्गजों और मंत्रियों की सीटें इस बार फंसी हुई नजर आ रही हैं.

बिना गठबंधन के क्या है सियासी तस्वीर?

सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, यदि पूर्वांचल की 141 सीटों पर सभी दल अकेले (बिना गठबंधन के) चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो समाजवादी पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरती दिख रही है:

  • समाजवादी पार्टी (SP): 67 से 85 सीटें
  • भारतीय जनता पार्टी (BJP): 43 से 57 सीटें
  • सुभासपा (SBSP): 3 से 5 सीटें
  • अपना दल (एस): 4 सीटें
  • निषाद पार्टी: 1 से 3 सीटें
  • कांग्रेस: 2 सीटें
  • जनसत्ता दल लोकतांत्रिक: 2 सीटें
  • बसपा (BSP): 1 सीट
  • कांटे की टक्कर (टाई): 18 सीटें

इंडिया गठबंधन बनाम एनडीए

रिपोर्ट के मुताबिक, यदि सपा और कांग्रेस 'इंडिया' गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ते हैं, तो वे एनडीए पर बड़ी बढ़त बना सकते हैं. गठबंधन की स्थिति में इंडिया गठबंधन को 73 से 91 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि एनडीए 47 से 65 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है. इसके अलावा 18 सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी यानी 'टाई' की स्थिति में है.

पूर्वांचल के बड़े जिलों का लेखा-जोखा और दिग्गजों की स्थिति

1. वाराणसी और गोरखपुर में बीजेपी का गढ़ मजबूत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की 8 सीटों में से 5 पर एनडीए बढ़त बनाए हुए है, जबकि वाराणसी उत्तर सीट पर सपा आगे है और अजगरा में कड़ा मुकाबला है. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर की 9 में से 8 सीटों पर बीजेपी का दबदबा कायम है, केवल सहजनवा सीट पर इंडिया गठबंधन कड़ी टक्कर दे रहा है.

2. बलिया और गाजीपुर में बड़े चेहरों की सीट फंसी: बलिया की 7 सीटों में से 4 पर इंडिया गठबंधन और 2 पर एनडीए आगे है, जबकि रसड़ा सीट पर बसपा बढ़त बनाती दिख रही है. खास बात यह है कि बलिया नगर से मंत्री दयाशंकर सिंह की सीट इस सर्वे में फंसी हुई बताई गई है. दूसरी ओर, गाजीपुर की 7 सीटों में से 5 से 6 सीटों पर इंडिया गठबंधन हावी है. यहाँ जहूराबाद सीट पर ओम प्रकाश राजभर के खिलाफ सपा को बढ़त मिलती दिख रही है.

3. आजमगढ़, मऊ और जौनपुर में सपा की लहर: आजमगढ़ की 10 सीटों में से 9 पर सपा क्लीन स्वीप करती दिख रही है, जबकि अतरौलिया सीट पर सुभासपा और सपा के बीच मुकाबला बराबरी का है. मऊ की चारों सीटों पर इंडिया गठबंधन एकतरफा बढ़त बनाए हुए है. वहीं, जौनपुर की 9 में से 8 सीटों (मल्हनी और मछलीशहर सहित) पर सपा आगे है, केवल ज़फराबाद सीट पर एनडीए को बढ़त है.

4. गोंडा, बस्ती और भदोही में कांटे की टक्कर: गोंडा की 7 सीटों पर एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच 3-4 सीटों के साथ बराबरी की टक्कर है. यहाँ गोंडा सदर (बृजभूषण शरण सिंह के बेटे की सीट) और कर्नलगंज में कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है. बस्ती की 5 सीटों में से 2 से 4 पर इंडिया और 1 से 3 पर एनडीए आगे है, जबकि हर्रैया और महादेवा जैसी सीटों पर मामला टाई है. भदोही की 3 सीटों में से 2 पर बीजेपी आगे है, जबकि ज्ञानपुर सीट फंसी हुई है.

5. प्रयागराज और प्रतापगढ़ का हाल: प्रयागराज की 12 सीटों में से 8 पर इंडिया गठबंधन और 2 पर एनडीए को बढ़त है (2 पर टाई है), जहां इलाहाबाद उत्तरी सीट पर बीजेपी मजबूत है. प्रतापगढ़ की 7 सीटों में से 4 पर सपा, 1 पर बीजेपी और 2 सीटों पर राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक अपनी पकड़ बचाए हुए है.

ये भी पढ़ें: उत्तरप्रदेश: बीजेपी विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द, 258 वोटों से मिली जीत पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला