आजम खान की रिहाई पर भड़के आजम खान की रिहाई के बाद ED की कार्रवाई पर भड़के शिवपाल यादव, सरकार को लेकर कही बड़ी बात

समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने आजम खान की रिहाई के बाद उन पर हुई ईडी की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया. साथ ही, एमएलसी चुनावों में धांधली का दावा करते हुए कहा कि 2027 में यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.

ADVERTISEMENT

Shivpal Singh Yadav
Shivpal Singh Yadav
Google CTA

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है. जेल से रिहाई के बाद उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के नेताओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है. शिवपाल यादव ने आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को भी गलत बताया और कहा कि ऐसी सरकार के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी.

दरअसल, शिवपाल सिंह यादव इटावा के जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में रामलीला मैदान पर आयोजित एक कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे. यहां उन्होंने अपने संबोधन में आजम खान का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि देश में लगातार संकट की स्थिति पैदा हो रही है. जनता परेशान है और विपक्ष के नेताओं को जेल में डाला जा रहा है.

आजम खान के मामले में क्या बोले शिवपाल यादव?

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान लंबे समय तक झूठे मुकदमों में जेल में बंद रहे. जब उन्हें न्यायालय से जमानत मिली और वह जेल से बाहर आए तो ईडी के अधिकारी उन्हें हिरासत में लेने पहुंच गए. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सरकार के इशारे पर की गई.

शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के मामले में अभी भी विरोध जारी है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी देश और जनता पर संकट आया है, कवियों और साहित्यकारों ने अपनी कलम के जरिए उसका विरोध किया है. आज भी ऐसी ही आवाज उठाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारों के खिलाफ बोलना होगा और उन्हें सत्ता से हटाना होगा. 

एमएलसी चुनाव में बेईमानी का लगाया आरोप

कवि सम्मेलन के मंच से शिवपाल सिंह यादव ने हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में शासन और प्रशासन के जरिए बेईमानी कराई गई. शिवपाल यादव ने दावा किया कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराया जाता तो समाजवादी पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करती. उन्होंने गोरखपुर और मेरठ में भी चुनाव के दौरान गड़बड़ी होने का आरोप लगाया.

इसके अलावा उन्होंने आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के संघर्ष का जिक्र किया. शिवपाल ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवारों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी सपा सरकार: शिवपाल

शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी अगली सरकार बनाने जा रही है. उनका कहना था कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है. छात्र, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी सभी सरकार से नाराज हैं. शिवपाल यादव ने दावा किया कि जनता की यह नाराजगी आने वाले विधानसभा चुनाव में दिखाई देगी.

आजम खान की रिहाई के बाद ईडी की कार्रवाई को लेकर शिवपाल यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब यह मामला पहले से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने इस मुद्दे को विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताते हुए सरकार को घेरा है.

MLC Election में चाचा शिवपाल यादव ने पलटा सारा गेम, बने BJP के लिए सबसे बड़ी चुनौती!