उन्नाव: नेशनल बॉक्सर मंतसा की संदिग्ध मौत, घर से खरीदारी के लिए निकली थी, हाईवे किनारे मिला शव

Mantsa Death Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. नेशनल लेवल की गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर मंतसा का शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे के पास संदिग्ध अवस्था में मिला है. परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.

ADVERTISEMENT

उन्नाव की नेशनल बॉक्सर की संदिग्ध हालात में मौत
उन्नाव की नेशनल बॉक्सर की संदिग्ध हालात में मौत
Google CTA

Unnao National Boxer Mantsa Death Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक नेशनल लेवल की बॉक्सर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. 24 वर्षीय मंतसा का शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे के पास महाराजपुर थाना क्षेत्र में मिला. इस घटना से खेल जगत और परिवार में शोक का माहौल है. वहीं, मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. आखिर मंतसा की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह है, जानिए इस रिपोर्ट में.

क्या है पूरा घटनाक्रम और कैसे घर से निकली थी मंतसा?

जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे मंतसा घर से यह कहकर निकली थी कि घर में उसकी भतीजी की शादी है, जिसके लिए उसे लाल बंगला जाकर कुछ खरीदारी करनी है. परिवारवालों को उम्मीद थी कि वह कुछ ही देर में वापस लौट आएगी, लेकिन जब शाम तक वह नहीं लौटी और उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई. परिवार ने तुरंत गंगाघाट थाने और चौकी में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कानपुर-प्रयागराज हाईवे किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है. जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और कपड़ों व अन्य माध्यमों से शिनाख्त की, तो वह शव 24 वर्षीय मंतसा का निकला. परिजनों का आरोप है कि मंतसा के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे, और उसका मोबाइल फोन तथा कुछ कपड़े भी गायब थे. मां संजना ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी बेहद प्रतिभावान थी और बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी थी.

पुलिस जांच और परिवार की न्याय की गुहार

इस मामले में मंतसा के परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को हाईवे किनारे फेंका गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्नाव और कानपुर पुलिस कई पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है. पुलिस मंतसा के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), अंतिम बार उसकी किससे बात हुई थी और वह घर से निकलने के बाद किन लोगों के संपर्क में थी, इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस तफ्तीश के बाद ही इस उलझी हुई मौत की गुत्थी से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा, फिलहाल परिवार और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पति के पैर पकड़े, प्रेमी ने सीने पर किए चाकू से वार, 11 महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी पत्नी