UP Assembly Election 2027: 181 सीटों के दावे के बीच दिल्ली में कांग्रेस का बड़ा मंथन, जानिए क्या है सपा के साथ सीट शेयरिंग का प्लान

UP Politics: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर सरगर्मी अपने चरम पर है और इसी बीच कांग्रेस ने दिल्ली में बड़ी बैठक की. सपा के साथ सीट शेयरिंग पर मंथन के बीच कांग्रेस की ओर से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने की चर्चा है. जानिए अखिलेश यादव का क्या है रुख, सीट बंटवारे का संभावित फॉर्मूला और 2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहा था.

ADVERTISEMENT

UP Assembly Election 2027
UP Assembly Election 2027
Google CTA

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (SP) के साथ सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इस बैठक को समाजवादी पार्टी के साथ होने वाली औपचारिक बातचीत से पहले की एक बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है.

मल्लिकार्जुन खड़गे और नेताओं के बयान

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कैंपेन को दिसंबर तक शुरू करने पर चर्चा हुई है. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि यूपी के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे और प्रदेश की जनता सामाजिक न्याय व समान अवसर की ओर देख रही है.

181 सीटों की मांग और सपा का रुख

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने आगामी गठबंधन के तहत 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. हालांकि, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश के नेताओं के बीच चर्चा के बाद ही सीट-दर-सीट अंतिम स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी का रुख साफ है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की 'जीतने की क्षमता' (Winability) के आधार पर होना चाहिए. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी कहना है कि इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा और जो सबसे बेहतर प्रत्याशी होगा, उसे मैदान में उतारा जाएगा.

2022 के चुनावी आंकड़े और समीकरण

साल 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 403 में से 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से पार्टी को सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली थी और अधिकांश सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी. ऐसे में इस बार दोनों दलों के बीच सीटों का यह तालमेल और फॉर्मूला चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

आशु मलिक से लेकर अमेठी-रायबरेली तक, जानिए कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट में किन सीटों पर ठोका गया है दावा