यूपी चुनाव से पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 18 लाख से ज्यादा बढ़ गई मतदाताओं की संख्या, जानें कैसे चेक करें अपना नाम

UP Draft Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव से पहले मतदाता वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. नई ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 18.84 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है. प्रदेश में अब कुल 13.58 करोड़ से ज्यादा वोटर्स दर्ज हैं. जानिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कैसे चेक करें अपना नाम.

ADVERTISEMENT

UP Draft Voter List 2027
UP Draft Voter List 2027
Google CTA

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आज यानी 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी किया गया है. इस ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अप्रैल 2026 के मुताबिक 18.84 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है. भारत निर्वाचन आयोग के 15 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के अनुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है.

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के मुताबिक, यूपी में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 वोटर्स है. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510, महिला वोटर्स की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 और तृतीय लिंग के 4,042 मतदाता दर्ज है. वहीं 18 से 19 साल के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता है. 

पिछली लिस्ट में क्या थी संख्या?

10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13,39,84,792 मतदाता शामिल थे, जिनमें 7,30,71,061 पुरुष, 6,09,09,525 महिलाएं और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता थे, जबकि 18 से 19 वर्ष की आयु के युवा मतदाताओं की संख्या 17,63,360 दर्ज की गई थी. हाल ही में जारी नई ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाताओं की संख्या में करीब 18.84 लाख की बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही जेंडर रेशियो भी पिछली सूची के 834 से सुधरकर 840 पर पहुंच गया है, वहीं ईपी (EP) रेशियो 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है.

कैसे चेक करें अपना नाम?

अब सवाल आता है कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद आप अपना नाम कैसे चेक कर सकते हैं. इसके लिए आप 3 तरीके अपना सकते हैं:

1. चुनाव आयोग की वेबसाइट से नाम चेक करें

  • सबसे पहले चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/download-eroll पर जाएं.
  • इसके बाद सेलेक्ट ऑप्शन में अपना राज्य Uttar Pradesh चुनें.
  • फिर आपको अपना जिला, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र चुनने को कहा जाएगा.
  • नीचे दिया हुआ कैप्चा भरें
  • फिर नीचे भाग संख्या(Part No.) चुनने का एक ऑप्शन आएगा जहां आप अपना मतदान केंद्र को चुनेंगे.
  • फिर आप 'Download Selected PDFs' पर क्लिक करें.
  • अब आपके क्षेत्र का फाइनल वोटर लिस्ट डाउनलोड हो जाएगा जहां आप अपना नाम देख सकते है.

2. वोटर हेल्पलाइन ऐप से चेक करें

  • अपने मोबाइल में Voter Helpline App डाउनलोड करें.
  • ऐप खोलकर Electoral Search के विकल्प पर जाएं.
  • EPIC नंबर या अपनी व्यक्तिगत जानकारी के जरिए नाम सर्च करें.
  • इसके बाद आपको वोटर लिस्ट में अपना नाम और मतदान केंद्र की जानकारी मिल जाएगी.

3. अगर आप ऑनलाइन नाम नहीं खोज पा रहे हैं, तो अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर भी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं.

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और आपत्ति दर्ज कराने की तारीख

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने और सूची को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है. इस दौरान मतदाता अपनी आपत्तियां और दावे भी दर्ज करा सकेंगे. इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा. वहीं, 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.