UP Election 2027: सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया 'जन-मन घोषणा पत्र', जानिए मैनिफेस्टो की पूरी बात

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे 'जन-मन घोषणा पत्र' नाम दिया है, जबकि इसकी टैगलाइन '27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' रखी गई है. जानिए सपा के इस मैनिफेस्टो में क्या-कुछ वादे किए गए है.

ADVERTISEMENT

Samajwadi Party Manifesto
Samajwadi Party Manifesto
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी(सपा) ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए है. पार्टी ने 5 उम्मीदवारों के ऐलान अब अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मैनिफेस्टो का नाम 'जन-मन घोषणा पत्र' दिया है और साथ ही '27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' टैगलाइन दिया है. इस मौके पर शिवपाल यादव, आजम खान समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.

घोषणापत्र जारी करने से पहले आजम खान ने कहा था कि, इस घोषणापत्र में जो भी होगा समाज की भलाई के लिए होगा, अच्छा होगा और अगर कोई कमी भी हुई तो ये कोई आसमानी किताब तो है नहीं. इसमें सुधार कर लेंगे. सरकार बननी चाहिए और निज़ाम-ए-जुल्म खत्म होना चाहिए.

वहीं अखिलेश यादव ने कहा है कि, समाजवादी पार्टी की यह खासियत रही है कि उसने जब भी अपना चुनावी घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) बनाया, उसे पूरी निष्ठा से लागू किया और समय के साथ जरूरत पड़ने पर नई कल्याणकारी योजनाओं को भी उसमें शामिल किया. उदाहरण के लिए, घोषणापत्र में न होने के बावजूद हमारी सरकार ने मेदांता अस्पताल और सिटी का निर्माण कराया, जो आज उत्तर प्रदेश का सबसे बेहतरीन अस्पताल है. इसके अलावा, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही इस शहर को बसाने और इसे राज्य के सबसे व्यवस्थित व प्लांड सिटी के रूप में विकसित करने का ऐतिहासिक कार्य किया गया था.

सपा के घोषणापत्र के 22 बड़े वादे

1. युवा और रोजगार: सपा ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दूसरे क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है. ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता देने, हर साल भर्ती कैलेंडर जारी करने और परीक्षाओं की प्रक्रिया तीन से छह महीने में पूरी करने का वादा किया है. इसके अलावा हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, तहसील स्तर पर करियर केंद्र, शहरी रोजगार गारंटी कानून और MSME क्षेत्र में 2032 तक एक करोड़ से अधिक नौकरियां देने की बात कही गई है.

2. शिक्षा: पार्टी ने समान अवसर के लिए नई राज्य शिक्षा नीति बनाने और शिक्षा पर GSDP का 6 प्रतिशत खर्च करने का वादा किया है. घोषणापत्र में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करने, 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने, स्कूलों में वाईफाई सुविधा और बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास बनाने की बात है. साथ ही शिक्षकों के रिक्त पद एक साल में भरने, शिक्षामित्रों के मानदेय में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी और नियमितीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने का वादा किया गया है.

3. सामाजिक न्याय: सपा ने प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने और PDA वर्गों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए योजनाएं बनाने का वादा किया है. दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, आरक्षण और बैकलॉग के पद भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान तथा SC-ST उत्थान पर 20 प्रतिशत बजट खर्च करने की बात कही गई है. इसके अलावा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, 5 रुपये में समाजवादी थाली और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव है.

4. कृषि और ग्रामीण विकास: घोषणापत्र में प्रदेश की सभी 23 फसलों और दूध के लिए MSP की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है. आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था, किसानों की तत्काल कर्जमाफी और गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने की बात कही गई है. किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के साथ ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का भी वादा है.

5. महिला-केंद्रित विकास: सपा ने महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के विचारों के अनुरूप महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सशक्तिकरण, मुफ्त शिक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है. पार्टी ने बताया है कि महिला सशक्तिकरण को लेकर एक विस्तृत घोषणापत्र अलग से जल्द जारी किया जाएगा.

6. स्वास्थ्य: पार्टी ने नई राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लाने, गरीब और PDA वर्ग के लोगों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज देने तथा BPL परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने का वादा किया है. सभी जिला अस्पतालों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने, 18 मंडलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने तथा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को मजबूत करने की बात कही गई है. इसके अलावा लखनऊ के कैंसर अस्पताल को पूरी तरह शुरू करने, वहां मुफ्त इलाज देने और डॉक्टरों, नर्सों व पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद भरने का प्रस्ताव है.

7. कानून व्यवस्था और पुलिस सुधार: सपा ने अपराध, माफिया, दंगों और हेट क्राइम के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का वादा किया है. गरीबों की जमीन पर कब्जा रोकने के लिए विशेष STF बनाने, सभी जिलों में साइबर क्राइम यूनिट स्थापित करने और सार्वजनिक स्थानों पर CCTV व ड्रोन निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है. महिला सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस ढांचा बनाने और नई पुलिस भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के साथ पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक छुट्टी, बेहतर सुविधाएं और रिक्त पद भरने का भी वादा है.

8. MSME और औद्योगिक विकास: घोषणापत्र में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को फिर से मजबूत कर रोजगार का बड़ा माध्यम बनाने की बात कही गई है. इसके लिए नई औद्योगिक नीति 2027 लाने, उद्योगों को समयबद्ध सिंगल विंडो और सिंगल रूफ क्लीयरेंस सुविधा देने तथा औद्योगिक जमीन को फ्रीहोल्ड करने का वादा किया गया है. प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए भी विशेष योजना लाने की बात कही गई है.

9. समाजवादी डिजिटल पॉलिसी: सपा ने प्रदेश के प्रमुख शहरों को AI और IT हब के रूप में विकसित करने और उत्तर प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है. इसके तहत गांवों और शहरों में वाईफाई जोन विकसित करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, प्रशासन और कानून व्यवस्था में AI तकनीक का व्यापक इस्तेमाल करने का वादा किया गया है.

10. व्यापार और वाणिज्य: व्यापारियों और दुकानदारों की सुरक्षा के लिए व्यापार सुरक्षा आयोग बनाने का प्रस्ताव है. प्रमुख बाजारों में अपराध, माफिया और बाहुबलियों के उत्पीड़न को रोकने के लिए 100/112 की तर्ज पर विशेष पुलिस बल और गाड़ियों की तैनाती की जाएगी. पार्टी ने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी बात कही है.

11. श्रमिक सशक्तिकरण: मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश और दूसरे राज्यों में डायल 1890 मजदूर पावर लाइन शुरू करने का वादा किया गया है. प्रवासी मजदूर कार्ड योजना, समान काम के लिए समान वेतन और 5 रुपये में समाजवादी थाली उपलब्ध कराने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है. इसके अलावा बुजुर्ग निर्माण श्रमिकों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का प्रस्ताव है.

12. पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर: सपा ने सभी तहसील मुख्यालयों को चार लेन सड़कों से जोड़ने और हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाने का वादा किया है. गांवों के अंदर की सड़कों को RCC से बनाने और प्रदेश के गांवों, कस्बों व शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई है. इसके साथ पुल, रेल, बस, हवाई संपर्क, हाईवे, मेट्रो, रोपवे और आधुनिक मंडियों के विकास का भी प्रस्ताव है.

13. शहरी विकास: पार्टी ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया है. जलभराव और जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए ड्रेनेज प्लान, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण और आधुनिक कूड़ा प्रबंधन प्रणाली लागू करने की बात कही गई है. इसके अलावा नई ग्रीनफील्ड टाउनशिप, अंतरराष्ट्रीय मानकों के रिवर फ्रंट और शहरों में नजूल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की योजना फिर शुरू करने का प्रस्ताव है.

14. जल, पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण: सपा ने प्रदेश की प्रमुख नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान चलाने का वादा किया है. पूरे उत्तर प्रदेश में साइकिल हाईवे नेटवर्क विकसित करने, इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को प्रोत्साहित करने और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही गई है. इसके साथ स्टेट वाइल्ड लाइफ रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित करने का भी प्रस्ताव है.

15. पर्यटन और संस्कृति: घोषणापत्र में पर्यटन को रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बनाने की बात कही गई है. इसके लिए हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए जाएंगे. ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत वाले शहरों को हेरिटेज आर्क के रूप में विकसित करने का वादा भी किया गया है.

16. सुशासन और प्रशासनिक सुधार: सपा ने सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर तकनीक के जरिए नियंत्रण लगाने और आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त करने का वादा किया है. 2005 से पहले वाली पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, लोक सेवा वितरण अधिनियम लाने, ई-ऑफिस और आउटकम बजटिंग लागू करने तथा सरकारी सुविधाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने की बात कही गई है. आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और दैनिक कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा का भी प्रस्ताव है.

17. महंगाई पर नियंत्रण: महंगाई कम करने के लिए सपा ने डॉ. राममनोहर लोहिया की 'दाम बांधो' नीति लागू करने का वादा किया है. इसके तहत शहरों, कस्बों और गांवों में दाम बांधो बाजार खोलकर जरूरी वस्तुएं नियंत्रित कीमतों पर उपलब्ध कराई जाएंगी. स्कूलों की फीस और अस्पतालों के खर्चों पर सीमा तय करने के साथ कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है.

18. रक्षा बल और सैनिक कल्याण: पार्टी ने सीमा पर तैनात सैनिकों, उनके परिवारों और उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है. शहीद सैनिकों के लिए पेंशन व्यवस्था शुरू करने, उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने और सैनिकों को संपत्ति खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में छूट देने का वादा किया गया है. सपा ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा है कि नीति में बदलाव होने तक स्थायी कमीशन नहीं पाने वाले अग्निवीरों को राज्य पुलिस और दूसरे विभागों में रोजगार दिया जाएगा.

19. अल्पसंख्यक कल्याण: सपा ने अल्पसंख्यकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा तथा उनके खिलाफ घृणा अपराध रोकने का वादा किया है. उच्च शिक्षण संस्थानों में उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने और अल्पसंख्यक आयोग या कल्याण बोर्ड बनाने की बात कही गई है. गरीब कारीगरों के लिए लिविंग वेज स्कीम, सालाना 40 हजार रुपये पेंशन और 10 लाख रुपये का बीमा मुआवजा देने के साथ बुनकरों को बिजली सब्सिडी देने का प्रस्ताव भी है.

20. खेल: घोषणापत्र में उत्तर प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का वादा किया गया है. इसके अलावा फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट और दूसरे लोकप्रिय खेलों के लिए विशेष स्पोर्ट्स लीग शुरू करने की बात कही गई है.

21. अधिवक्ता कल्याण: सपा ने वकीलों की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने का वादा किया है. युवा अधिवक्ताओं को वजीफा या आर्थिक सहायता, वकीलों के लिए ग्रुप हाउसिंग और कैशलेस स्वास्थ्य बीमा देने की बात कही गई है. सभी तहसील अदालतों में सरकारी चैंबर उपलब्ध कराने और महिला अधिवक्ताओं के छोटे बच्चों के लिए देखभाल केंद्र बनाने का भी प्रस्ताव है.

22. मीडिया और सोशल मीडिया: घोषणापत्र में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के कल्याण के लिए स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा वाली नीति बनाने का वादा किया गया है. सभी तहसीलों में मीडिया सुविधा केंद्र, नोएडा और लखनऊ में मीडिया कन्वेंशन सेंटर स्थापित करने तथा यूट्यूबरों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए भी कल्याण नीति लाने की बात कही गई है.

यहां देखें पूरा मैनिफेस्टो