दीपावली पर गेंदे और चमेली के फूलों से सजा बदरीनाथ धाम, तस्वीरों में देखिए मंदिर का खूबसूरत नजारा
Badrinath Dham Deepotsav 2026: रोशनी के पर्व दीपावली और धनतेरस के मौके पर चारधामों में शामिल भगवान बदरीनाथ का मंदिर फूलों से सजाया गया है. गेंदे, चंपा और चमेली के फूलों से सजा धाम बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है. मंदिर की भव्य सजावट के साथ यहां हो रही खास पूजा-अर्चना भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
ADVERTISEMENT

1/6
दीपावली के मौके पर भगवान बदरी विशाल का धाम गेंदे, चंपा और चमेली के फूलों से सजाया गया है. फूलों से सजा मंदिर का सिंहद्वार और पूरा परिसर बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है. मंदिर में पारंपरिक पूजा और विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं. दीपों की रोशनी और फूलों की सजावट से पूरा धाम उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है.

2/6
बदरीनाथ धाम में भगवान नारायण के साथ माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर जी भी विराजमान हैं. यही वजह है कि यहां दीपावली और धनतेरस का पर्व खास धार्मिक महत्व रखता है. इन दिनों मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है.

3/6
धनतेरस की शाम बदरीनाथ धाम में यमराज की प्रसन्नता के लिए विशेष यम दीपदान किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी और पूजा-पाठ के बीच भक्तिमय माहौल देखने को मिला.

4/6
धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि धनतेरस के मौके पर भगवान कुबेर की विशेष पूजा की गई. रावल जी और वेदपाठियों ने विधि-विधान से उनका पूजन, अर्चन और अभिषेक किया. यह पर्व समुद्र मंथन और भगवान धन्वंतरी के प्रकट होने से भी जुड़ा है.

5/6
बदरीनाथ मंदिर को फूलों से सजाने की सेवा ऋषिकेश की राम विश्वास बदरी नारायण फ्लावर शॉप की ओर से की जाती है. दिवंगत भाई की याद में उनके परिजन हर साल इस सेवा को पूरी श्रद्धा के साथ निभाते हैं.

6/6
बदरीनाथ धाम पहुंच रहे देश-विदेश के श्रद्धालु मंदिर के इस खूबसूरत रूप को देखकर काफी खुश हैं. फूलों से सजे मंदिर और यहां की सजावट को देखकर श्रद्धालु इस पल को यादगार बना रहे हैं.
