देहरादून : MH नंबर स्कॉर्पियो का सीक्रेट केबिन खुलते ही मिला करोड़ों का कैश… आखिर कौन है जसवंत, जिसे पहुंचनी थी ये रकम?
Dehradun Police Seized Cash: देहरादून में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 1 करोड़ 55 लाख रुपये बरामद हुए. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नकदी गाड़ी के अंदर बने सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी. पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि रकम बनारस से लाई जा रही थी और देहरादून में जसवंत नाम के व्यक्ति को पहुंचाई जानी थी.
ADVERTISEMENT

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी के भारी मात्रा में कैश बरामद किया है. दरअसल, हालिया घटनाओं के बाद से एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से चेकिंग की जा रहा था. इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने देर रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका. गाड़ी में सवार लोगों से जब पूछताछ की गई तो वे घबरा गए और इधर-उधर की बातें करने लगे. पुलिस को शक हुआ तो उनसे सख्ती से पूछताछ की गई. इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में कैश होने की बात कही. पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दी. टीम के पहुंचने के बाद गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें बनाए गए एक सीक्रेट केबिन से 1 करोड़ 55 लाख रुपये का कैश बरामद हुआ. इतनी बड़ी रकम देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. अब फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी को सीज कर दिया है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.