Joshimath Helicopter Crash: चमोली में हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत, बरामद हुए शव
Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के जोशीमठ में बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ों में हादसे का शिकार हो गया. इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे. हादसे के बाद पुलिस, SDRF और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं. अब सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन उन्हें सड़क तक लाने का अभियान जारी है.
ADVERTISEMENT

Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गया. इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई है. हादसे के बाद पुलिस, सेना और SDRF की संयुक्त टीमों ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. ताजा जानकारी के मुताबिक, सभी 6 bलोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. हालांकि, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घटनास्थल से शवों को सड़क मार्ग तक लाने का अभियान अभी जारी है.
हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ हेलीकॉप्टर क्रैश
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हुआ. ट्रांस भारत एविएशन का सिविल हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड की ओर जा रहा था. इसी दौरान मारवाड़ी हाथी पर्वत क्षेत्र में सेना की सिग्नल सेंटर टीम ने हेलीकॉप्टर से धुआं उठते देखा. टीम ने उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए भी देखा था. इसके बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत
हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे. इनमें एक पायलट और पांच यात्री शामिल थे. हादसे में सभी की मौत हो गई है. प्रशासन की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक, सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं.
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम इस प्रकार हैं:
- कैप्टन हिमांशु सभरवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी दिल्ली
- प्रतापा, उम्र 41 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
- अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
- वी.बी. शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
- सुधीर के., उम्र 50 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
- एच.एस. नटराजा, उम्र 51 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
दुर्गम इलाके में शवों को सड़क तक लाने का रेस्क्यू जारी
सभी शव बरामद होने के बाद भी रेस्क्यू अभियान जारी है. पुलिस, SDRF और सेना की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं. दुर्गम पहाड़ी इलाके से शवों को सुरक्षित सड़क मार्ग तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. इस अभियान में सेना, ITBP, NDRF, SDRF, स्थानीय पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन की टीमें जुटी हुई हैं.
बदरीनाथ से दोपहर 1:14 बजे भरी थी उड़ान
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था. इसका कॉल साइन VT-HCX था.
जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था. इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई थी. शुरुआत में हेलीकॉप्टर की स्थिति का पता नहीं चल पाया था, लेकिन बाद में हाथी पर्वत क्षेत्र में हादसे की जानकारी मिली.
हादसे के बाद ट्रांस भारत एविएशन का पूरा बेड़ा ग्राउंड
हादसे के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया है. फिलहाल कंपनी के हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है.
