उत्तराखंड में फिर खिलेगा कमल या लौटेगी कांग्रेस? Vote Vibe के सर्वे ने बताया जनता का मूड!
Uttarakhand Vote Vibe Survey: Vote Vibe के सर्वे में उत्तराखंड चुनाव 2027 के लिए बीजेपी को 39.2 फीसदी और कांग्रेस को 35.6 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. मुख्यमंत्री की पसंद में पुष्कर सिंह धामी सबसे आगे हैं. बेरोजगारी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है. वहीं, मौजूदा विधायकों के कामकाज से लोग ज्यादा नाराज दिखाई दिए.
ADVERTISEMENT

Uttarakhand Vote Vibe Survey: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी माहौल गर्म होने लगा है. चुनाव की तारीखों का ऐलान बाकी है, लेकिन सवाल अभी से उठने लगे हैं कि क्या बीजेपी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी या कांग्रेस इस बार बाजी पलट देगी? मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पुष्कर सिंह धामी बने रहेंगे या कांग्रेस किसी नए चेहरे के साथ मैदान में उतरेगी?
इन सवालों के बीच Vote Vibe का नया ओपिनियन पोल सामने आया है. सर्वे के आंकड़े बता रहे हैं कि उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला काफी नजदीकी हो सकता है. वोट शेयर के मामले में बीजेपी आगे है, लेकिन कांग्रेस भी बहुत पीछे नहीं है. मुख्यमंत्री की पसंद में पुष्कर सिंह धामी पहले नंबर पर हैं. वहीं, बेरोजगारी लोगों के लिए सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनकर सामने आई है. आइए, सर्वे के आंकड़ों को एक-एक करके समझते हैं.
वोट शेयर में बीजेपी आगे, मुकाबले में कांग्रेस
सर्व में पूछा गया कि अगर आज चुनाव होते हैं तो किस पार्टी को कितने वोट मिल सकते हैं. सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को 39.2 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. कांग्रेस को 35.6 फीसदी वोट मिल सकते हैं. यानी दोनों पार्टियों के बीच अंतर सिर्फ 3.6 फीसदी का है. सर्वे में बीजेपी को बढ़त जरूर मिल रही है, लेकिन कांग्रेस भी मुकाबले में बनी हुई है.
दूसरी पार्टियों की बात करें तो उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) को 8.7 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. बीएसपी को 2 फीसदी और आम आदमी पार्टी को 1.7 फीसदी वोट मिल सकते हैं. अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 4.1 फीसदी वोट जाने का अनुमान है. वहीं, 8.7 फीसदी लोग अभी तय नहीं कर पाए हैं कि वे किसे वोट देंगे.
सर्वे में उम्र के हिसाब से भी वोट का रुझान अलग-अलग दिखाई देता है. उम्र बढ़ने के साथ बीजेपी और कांग्रेस के बीच का अंतर बढ़ता नजर आता है. सामान्य वर्ग में बीजेपी को 40 फीसदी और कांग्रेस को 31 फीसदी समर्थन मिला है. मुस्लिम समुदाय में कांग्रेस को 74 फीसदी समर्थन मिलने की बात सर्वे में सामने आई है. अनुसूचित जाति के मतदाताओं के बीच भी कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है. क्षेत्र के हिसाब से देखें तो गढ़वाल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच अंतर कुमाऊं की तुलना में कम है. वहीं, युवा मतदाताओं के बीच UKD को भी समर्थन मिलता दिख रहा है.
जनता को किसकी जीत का भरोसा?
वोट शेयर के अलावा सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि उन्हें चुनाव में किस पार्टी की जीत की उम्मीद है. इस सवाल के जवाब में 41.6 फीसदी लोगों ने बीजेपी की जीत की संभावना जताई. वहीं, 37.1 फीसदी लोगों को लगता है कि कांग्रेस चुनाव जीत सकती है. इस मामले में भी बीजेपी आगे है. लेकिन यहां दोनों पार्टियों के बीच अंतर 4.5 फीसदी का है.
UKD को 6 फीसदी और बीएसपी को 0.6 फीसदी लोगों ने जीत का दावेदार माना. आम आदमी पार्टी के लिए यह आंकड़ा 1.3 फीसदी रहा. 12.3 फीसदी लोग इस सवाल पर कुछ नहीं कह सके. यानी लोगों के वोट देने की पसंद और उन्हें किस पार्टी की जीत की उम्मीद है, दोनों ही मामलों में बीजेपी को बढ़त मिल रही है.
मुख्यमंत्री की रेस में धामी नंबर वन
अब बात उस सवाल की, जिस पर चुनाव के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा होती है. उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए?
सर्वे में इस सवाल पर पुष्कर सिंह धामी सबसे आगे हैं. उन्हें 32.3 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है. कांग्रेस के हरीश रावत 20 फीसदी समर्थन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. कांग्रेस के ही गणेश गोदियाल को 13.2 फीसदी लोगों ने पसंद किया है. बीजेपी के अनिल बलूनी को 12.4 फीसदी और त्रिवेंद्र सिंह रावत को 8.8 फीसदी समर्थन मिला है. उत्तराखंड क्रांति दल के सुरेंद्र सिंह कुकरेती को 1.4 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया. 11.8 फीसदी लोगों ने कोई नाम नहीं बताया या दूसरे विकल्प चुने.
शहरी इलाकों में पुष्कर सिंह धामी को 50 फीसदी समर्थन मिलने की बात सर्वे में सामने आई है. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और उसके सहयोगियों को वोट देने वाले लोगों के बीच हरीश रावत को 48 फीसदी और गणेश गोदियाल को 24 फीसदी समर्थन मिला है.
बेरोजगारी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा
चुनाव में कौन जीतेगा, यह तो एक सवाल है. लेकिन जनता किन मुद्दों को लेकर वोट देगी, यह भी उतना ही अहम है. सर्वे में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई है. 26.1 फीसदी लोगों ने इसे अपनी सबसे बड़ी चिंता बताया है. महंगाई दूसरे नंबर पर है. 18.6 फीसदी लोगों ने इसे अहम मुद्दा माना.
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को 12.8 फीसदी लोगों ने चुनावी मुद्दा बताया. कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को 7.2 फीसदी लोगों ने अहम माना. भ्रष्टाचार का मुद्दा 6.6 फीसदी लोगों के लिए महत्वपूर्ण रहा. बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को 6.4 फीसदी लोगों ने मुद्दा बताया. किसानों से जुड़े सवालों को 5.6 फीसदी और सामाजिक न्याय व जातीय समानता को 4.6 फीसदी लोगों ने प्राथमिकता दी.
इस सर्वे में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला भी चुनावी मुद्दों में शामिल है. 4.2 फीसदी लोगों ने इसे अहम मुद्दा बताया. अन्य मुद्दों और इस सवाल पर राय नहीं देने वालों का आंकड़ा 7.8 फीसदी रहा. खास बात यह है कि 18 से 24 साल की उम्र के युवाओं में बेरोजगारी सबसे बड़ी चिंता है. इस आयु वर्ग के 39 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया.
सरकार के काम से ज्यादा विधायकों के प्रदर्शन पर नाराजगी
उत्तराखंड सरकार के पिछले पांच साल के कामकाज को लेकर सर्वे में मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है. 39.8 फीसदी लोग राज्य सरकार के काम से संतुष्ट हैं. वहीं, 33.3 फीसदी लोगों ने असंतोष जताया है. इलाकों के हिसाब से देखें तो शहरी क्षेत्रों में सरकार के काम से 49 फीसदी लोग संतुष्ट हैं.
ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 37 फीसदी है. लेकिन मौजूदा विधायकों के कामकाज को लेकर लोगों की राय कुछ अलग है. सर्वे में 30.4 फीसदी लोगों ने अपने विधायक के काम पर संतुष्टि जताई. वहीं, 45.5 फीसदी लोग अपने विधायक के प्रदर्शन से असंतुष्ट हैं. ग्रामीण इलाकों में विधायकों को लेकर असंतोष 49 फीसदी है. वहीं, OBC वर्ग के 54 फीसदी लोगों ने अपने विधायक के कामकाज पर नाराजगी जताई. सर्वे के निष्कर्षों के मुताबिक, लोगों की नाराजगी राज्य सरकार से ज्यादा अपने क्षेत्र के विधायकों को लेकर है. चुनाव में यह नाराजगी भी अहम हो सकती है.
वोट देते समय पार्टी की विचारधारा सबसे अहम
मतदान के दौरान लोग किस आधार पर अपना फैसला लेते हैं, इस सवाल पर भी सर्वे में राय ली गई. 33.7 फीसदी लोगों ने कहा कि वोट देते समय वे पार्टी की विचारधारा को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं. वहीं, 20.4 फीसदी लोगों के लिए उम्मीदवार की छवि और व्यक्तित्व अहम है. 14.2 फीसदी लोगों ने विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी. प्रधानमंत्री के चेहरे को 8.4 फीसदी और मुख्यमंत्री के चेहरे को 5.6 फीसदी लोगों ने महत्वपूर्ण बताया. सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने को 4.8 फीसदी लोगों ने वोट देने का आधार माना. वहीं, 3.6 फीसदी लोगों ने जाति और धर्म को प्राथमिकता दी. राज्य सरकार के प्रदर्शन को सिर्फ 2.4 फीसदी लोगों ने सबसे महत्वपूर्ण बताया. इसके अलावा 2.6 फीसदी लोगों ने अन्य कारणों का जिक्र किया, जबकि 4.2 फीसदी लोग कोई जवाब नहीं दे सके.
57.5 फीसदी मतदाताओं ने तय किया किसे देंगे वोट
सर्वे में मतदाताओं से यह भी पूछा गया कि क्या उन्होंने अपना वोट तय कर लिया है. इसके जवाब में 57.5 फीसदी लोगों ने कहा कि वे पूरी तरह फैसला कर चुके हैं. वहीं, 21.4 फीसदी लोगों की पसंद तय है, लेकिन उन्होंने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है. 11 फीसदी लोगों ने बताया कि उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि किसे वोट देंगे. जबकि 10 फीसदी लोग इस सवाल का जवाब नहीं दे सके. यानी सर्वे में शामिल सभी मतदाताओं में बड़ी संख्या ऐसी है, जिनका अंतिम फैसला अभी बाकी है. ऐसे मतदाताओं की पसंद चुनाव से पहले बदल सकती है.
वोट चोरी के आरोपों का चुनाव पर कितना असर?
सर्वे में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्ष की ओर से लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर 34.3 फीसदी लोगों ने माना कि इन आरोपों का चुनाव पर असर पड़ सकता है. वहीं, 49.1 फीसदी लोगों का कहना है कि इन आरोपों से चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इसके अलावा 16.6 फीसदी लोगों ने इस सवाल पर अपनी राय नहीं दी या जवाब नहीं दे सके.
कैसे किया गया सर्वे?
यह सर्वे Vote Vibe की ओर से उत्तराखंड में कराया गया. इसकी रिपोर्ट 11 नवंबर 2026 की है. सर्वे टेलीफोन के जरिए किया गया और इसमें राज्य के कुल 3,127 लोगों को शामिल किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में गलती की संभावित सीमा यानी Margin of Error प्लस-माइनस 3 फीसदी है.
सर्वे से क्या तस्वीर निकलती है?
पूरे सर्वे को एक साथ देखें तो उत्तराखंड में बीजेपी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है. वोट शेयर में पार्टी कांग्रेस से 3.6 फीसदी आगे है. मुख्यमंत्री की पसंद में भी पुष्कर सिंह धामी पहले नंबर पर हैं. लेकिन कांग्रेस को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. पार्टी वोट शेयर में बीजेपी के काफी करीब है. हरीश रावत और गणेश गोदियाल को भी मुख्यमंत्री पद के लिए समर्थन मिला है.
दूसरी तरफ बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे जनता की चिंता में सबसे ऊपर हैं. राज्य सरकार के कामकाज को लेकर संतुष्टि का स्तर विधायकों के मुकाबले बेहतर है. मौजूदा विधायकों से नाराजगी का आंकड़ा भी ध्यान देने लायक है.
फिलहाल ये ओपिनियन पोल के आंकड़े हैं, चुनाव के नतीजे नहीं. असली तस्वीर चुनाव के दौरान बदल भी सकती है. लेकिन इतना जरूर है कि 2027 के उत्तराखंड चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबले पर सबकी नजर रहेगी.
