बिहार संग्रहालय के मुरीद हुए आनंद महिंद्रा, सीएम सम्राट चौधरी ने दिया बिहार आने का न्योता, मिला ये जवाब

इन्द्र मोहन

30 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 30 2026 3:04 PM)

बिहार संग्रहालय को दुनिया में 9वां और एशिया में पहला स्थान मिलने पर महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने जमकर तारीफ की. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें पटना आने और हाई-टी पर संवाद का आमंत्रण दिया, जिसे आनंद महिंद्रा ने स्वीकार कर लिया है.

NewsTak
Google CTA

बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी है. राजधानी पटना स्थित 'बिहार संग्रहालय' (Bihar Museum) को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान मिली है. अंतरराष्ट्रीय यात्रा पत्रिका ‘वर्थ एंड जर्नी’ द्वारा जारी दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में बिहार संग्रहालय ने नौवां (9वां) स्थान हासिल किया है. वहीं पूरे एशिया महाद्वीप में इसे पहला (शीर्ष) स्थान प्राप्त हुआ है. बिहार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की चारों तरफ सराहना हो रही है. देश के प्रमुख उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा भी बिहार संग्रहालय की इस सफलता के मुरीद हो गए हैं.

Read more!

सीएम सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पर दिया न्योता

आनंद महिंद्रा द्वारा बिहार संग्रहालय की सराहना किए जाने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के जरिए उनका आभार जताया. मुख्यमंत्री ने आनंद महिंद्रा को बिहार आने का औपचारिक निमंत्रण देते हुए लिखा कि आनंद महिंद्रा जी, बिहार की जनता की ओर से आपका हार्दिक आभार. बिहार की गौरवशाली विरासत हमारी पहचान और साझा संकल्प है.

सम्राट चौधरी ने उन्हें बिहार संग्रहालय के भ्रमण और विशेष 'हाई टी' पर परिचर्चा के लिए आमंत्रित किया. इसके साथ ही उन्होंने बिहार में उद्योग, कृषि, तकनीक और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्रों में साझेदारी का आह्वान करते हुए राज्य में निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की अपील की.

आनंद महिंद्रा का दिल छू लेने वाला जवाब

मुख्यमंत्री के इस आत्मीय और उत्साहजनक आमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी. उन्होंने 'एक्स' पर जवाब देते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री का यह स्नेहपूर्ण संदेश बेहद दिल छू लेने वाला है. बिहार संग्रहालय को लेकर राज्य सरकार का गर्व और जुड़ाव काफी प्रेरणादायक है. आनंद महिंद्रा ने आश्वासन दिया कि वे जब भी बिहार की यात्रा करेंगे, इस निमंत्रण को स्वीकार कर बिहार संग्रहालय का भ्रमण जरूर करेंगे. उद्योगपति और सरकार के बीच हुए इस सकारात्मक संवाद से राज्य में पर्यटन और औद्योगिक निवेश की नई उम्मीदें जग गई हैं.

अनंत सिंह की जमानत रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में क्या बोला?