मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह ने आगामी MLC चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है. अनंत सिंह ने स्नातक सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे शिक्षाविद और नवादा निवासी डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की बात कही है. अनंत सिंह ने यहां तक कहा कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक भी उनके फैसले के साथ हैं. अनंत सिंह के इस ऐलान से सबसे ज्यादा चर्चा जेडीयू के मौजूदा MLC और प्रवक्ता नीरज कुमार को लेकर हो रही है. क्योंकि स्नातक सीट से नीरज कुमार मौजूदा MLC हैं और आगामी चुनाव में उनके दोबारा मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
बिहार की सियासत में नई चर्चा
मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह अपने अंदाज में एक बड़ा राजनीतिक संदेश दे रहे हैं. मौका था बाढ़ के बेढना गांव पहुंचने का, जहां कथित जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत के बाद अनंत सिंह लगातार पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं. लेकिन इसी दौरान उन्होंने आगामी MLC चुनाव को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि स्नातक MLC चुनाव में उनका समर्थन डॉ. अनुज सिंह के साथ है.
26 विधानसभा क्षेत्रों में समर्थकों का दावा
अनंत सिंह ने दावा किया कि उनके 26 विधानसभा क्षेत्रों में समर्थक भी उनके फैसले के साथ हैं. यानी एक तरफ जेडीयू के मौजूदा MLC नीरज कुमार हैं, जिनके फिर से चुनाव लड़ने की संभावना है... और दूसरी तरफ अनंत सिंह ने खुलकर डॉ. अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान कर दिया है. यही वजह है कि अनंत सिंह का बयान जेडीयू के लिए राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है. हालांकि अनंत सिंह ने अपने फैसले को पार्टी विरोधी बताने की किसी भी कोशिश को खारिज किया. उनका कहना है कि MLC चुनाव में पार्टी का सिंबल नहीं होता. इसलिए कोई भी नेता या समर्थक अपनी पसंद के उम्मीदवार को समर्थन दे सकता है. लेकिन जब उनसे पूछा गया कि फिर नीरज कुमार का साथ क्यों नहीं? तो अनंत सिंह का जवाब भी साफ था.
नीरज कुमार के खिलाफ संदेश?
अनंत सिंह के इस बयान को सीधे तौर पर नीरज कुमार के खिलाफ संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. क्योंकि नीरज कुमार न सिर्फ स्नातक सीट से मौजूदा MLC हैं, बल्कि जेडीयू के प्रमुख प्रवक्ताओं में भी शामिल हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या अनंत सिंह का डॉ. अनुज सिंह को समर्थन सिर्फ व्यक्तिगत फैसला है... या इसके पीछे बड़ा राजनीतिक संदेश भी छिपा है? क्या इस समर्थन से स्नातक MLC चुनाव का मुकाबला दिलचस्प होगा? और सबसे बड़ा सवाल... क्या अनंत सिंह के इस फैसले का असर जेडीयू के भीतर भी दिखाई देगा? फिलहाल इन सवालों का जवाब आने वाले चुनाव में मिलेगा. लेकिन इतना जरूर है कि अनंत सिंह के एक बयान ने MLC चुनाव से पहले बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है.
ADVERTISEMENT


