तिरंगे के बीच ‘सुपर कॉप’ का मां वाला अंदाज, बेटे मिरान के साथ अरवल SP नवजोत सिमी की तस्वीर ने जीता दिल

ऋचा शर्मा

16 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 16 2026 5:51 PM)

15 अगस्त पर अरवल की SP डॉ. नवजोत सिमी अपने बेटे मिरान के साथ नजर आईं. खाकी वर्दी में मिरान और मां के साथ उसकी प्यारी बॉन्डिंग ने लोगों का ध्यान खींचा. SP की जिम्मेदारी और मां के प्यार की यह खूबसूरत तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

NewsTak
Google CTA

15 अगस्त का दिन... तिरंगा, देशभक्ति और राष्ट्रगान के बीच अरवल के गांधी मैदान में एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे समारोह की कहानी को थोड़ा और खास बना दिया.अरवल की SP डॉ. नवजोत सिमी अपने नन्हे बेटे मिरान के साथ स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में पहुंचीं. एक तरफ कंधों पर जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी, दूसरी तरफ मां होने की जिम्मेदारी... और नवजोत सिमी दोनों भूमिकाएं एक साथ निभाती नजर आईं.

Read more!

मिरान इस दौरान पुलिस की क्यूट सी खाकी वर्दी में नजर आया. छोटी सी वर्दी पर बैज भी लगा था और मां के साथ उसकी मौजूदगी लोगों का ध्यान खींच रही थी. कभी वह अपनी मां की वर्दी को छूता दिखा, कभी उनके साथ खेलता और कभी मां के साथ समारोह का हिस्सा बनता नजर आया. यही मां-बेटे की बॉन्डिंग अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में नवजोत सिमी के चेहरे पर एक तरफ अपने बेटे के लिए ममता नजर आती है, तो दूसरी तरफ एक पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी और अनुशासन भी साफ दिखाई देता है. खास बात ये कि समारोह के दौरान उन्होंने अपने बेटे को खुद संभाला. आमतौर पर ऐसे आधिकारिक कार्यक्रमों में बच्चों की देखभाल के लिए परिवार या कोई सहयोगी साथ हो सकता है, लेकिन नवजोत सिमी ने मिरान को अपने साथ रखा. तिरंगे के सामने मां और बेटे की यह तस्वीर लोगों को इसलिए भी खास लग रही है, क्योंकि इसमें वर्दी और मातृत्व दोनों एक साथ दिखाई दे रहे हैं.

कौन हैं IPS डॉ. नवजोत सिमी ?

डॉ. नवजोत सिमी की कहानी सिर्फ इस वायरल तस्वीर तक सीमित नहीं है. वह 2017 बैच की बिहार कैडर की IPS अधिकारी हैं. पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली नवजोत सिमी ने IPS बनने से पहले डेंटिस्ट के तौर पर काम किया था. उन्होंने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया 735वीं रैंक हासिल की और सिविल सेवा में जगह बनाई.


अब वह अरवल जैसे जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. यानी एक तरफ पुलिस की वर्दी में अपराध और कानून-व्यवस्था से लड़ने वाली अधिकारी, तो दूसरी तरफ अपने छोटे बच्चे के लिए बेहद सहज और प्यार भरी मां. शायद यही वजह है कि 15 अगस्त की यह तस्वीर महज एक फोटो नहीं रह गई. लोगों को इसमें एक महिला अधिकारी की प्रोफेशनल जिम्मेदारी के साथ उसका मां वाला रूप भी दिखाई दिया.

खाकी में मिरान, मां के साथ पूरा समारोह

नवजोत सिमी के बेटे का नाम मिरान है. समारोह में वह भी खाकी ड्रेस में नजर आया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मां-बेटे की बॉन्डिंग खूब पसंद की जा रही है. कहीं मिरान अपनी मां की वर्दी खींचता नजर आता है, तो कहीं उनके पास बैठा दिखाई देता है. इन छोटे-छोटे पलों में नवजोत सिमी भी एक सख्त पुलिस अधिकारी से बिल्कुल अलग, एक सामान्य मां की तरह बेटे के साथ सहज दिखाई देती हैं. यही इस कहानी की सबसे खूबसूरत बात है.क्योंकि स्वतंत्रता दिवस पर जहां तिरंगा देश की आजादी और गौरव की कहानी कह रहा था, वहीं अरवल के गांधी मैदान में एक मां अपने बेटे को उसी माहौल में देशसेवा और वर्दी की दुनिया से परिचित कराती नजर आई.

पति तुषार सिंगला भी हैं IAS अधिकारी 

डॉ. नवजोत सिमी के पति तुषार सिंगला भी प्रशासनिक सेवा में हैं. 2015 बैच के IAS अधिकारी तुषार सिंगला  बिहार के बेगूसराय के जिलाधिकारी रह चुके हैं. मूल रूप से पंजाब के रहने वाले तुषार सिंगला ने IIT दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में BTech किया और इसके बाद JNU से पढ़ाई की. उन्होंने UPSC अपने दूसरे प्रयास में पास किया था. पश्चिम बंगाल कैडर के अधिकारी रहे तुषार सिंगला बाद में बिहार में सेवा देने आए.

यानी परिवार में एक तरफ IPS की वर्दी है, दूसरी तरफ IAS की जिम्मेदारी. लेकिन 15 अगस्त को अरवल से सामने आई तस्वीर में सबसे ज्यादा चर्चा जिस चीज की हो रही है, वह है एक SP और उनके बेटे मिरान के बीच की प्यारी बॉन्डिंग.

‘सुपर कॉप’ के साथ ‘सुपर मॉम’

डॉ. नवजोत सिमी की यह तस्वीर इसलिए भी खास है क्योंकि यह दिखाती है कि जिम्मेदारियां किसी एक भूमिका में बांधकर नहीं रखी जा सकतीं. एक महिला पुलिस अधिकारी जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभाल सकती है और उसी वक्त अपने बच्चे को भी अपनी बाहों में लेकर उसके साथ एक खूबसूरत पल जी सकती है. 15 अगस्त के दिन अरवल में तिरंगे के नीचे दिखी नवजोत सिमी और मिरान की यह तस्वीर शायद इसी वजह से लोगों के दिल में उतर गई. खाकी वर्दी में SP मां... छोटी सी खाकी में उनका बेटा... और दोनों के बीच का प्यार. इस तस्वीर में देशसेवा भी है, मातृत्व भी है और एक ऐसी कहानी भी, जो बताती है कि जिम्मेदारियों के बीच मां होना कभी पीछे नहीं छूटता.

यह भी पढ़ें: IIT-IIM से पढ़ाई, फिर बने IPS... अब चुनावी विवाद में घिरे, जानें कौन हैं कार्तिकेय शर्मा, जिनकी शिकायत लेकर चुनाव आयोग पहुंचे प्रशांत किशोर