जमुई में युवक-युवती के साथ हुई अमानवीय घटना के बाद अब बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. मंदार पर्वत पर एक युवती के साथ कुछ मनचले युवकों द्वारा अभद्र व्यवहार, अश्लील हरकत और चप्पल से मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
21 दिन पुराना है वायरल वीडियो
वायरल हो रहे वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दर्ज दिख रही है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वारदात करीब 21 दिन पुरानी है. हालांकि, यह वीडियो 22 सितंबर को सोशल मीडिया सेल के माध्यम से बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के संज्ञान में आया. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना अध्यक्ष तुरंत पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे और स्थल की सघन जांच-पड़ताल की, जिसमें वीडियो के मंदार पर्वत का ही होने की पुष्टि हुई.
चप्पल से मारपीट और अश्लील हरकतों का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, वायरल फुटेज में छह अज्ञात नवयुवक एक युवती को घेरकर उसके साथ अश्लील हरकतें और अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान युवकों ने युवती के साथ चप्पल से मारपीट भी की और पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. घटना में शामिल युवकों और पीड़िता की पहचान के लिए पुलिस ने मंदार पर्वत के आसपास के ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ की. स्थानीय लोगों के मुताबिक वीडियो में दिख रहे सभी आरोपी नवयुवक हैं, हालांकि अभी तक किसी की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है.
6 अज्ञात युवकों पर संगीन धाराओं में केस दर्ज
मामले में बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने अपने बयान पर स्वतः संज्ञान लेते हुए छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. बौंसी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 3(5) और आईटी एक्ट 2000 की धारा 66E व 67A के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पर्यटन स्थल की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर इस तरह की गुंडागर्दी और छेड़खानी का वीडियो सामने आने के बाद वहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो को अहम साक्ष्य मानकर आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी मामले में गिरफ्तार 4 आरोपियों ने दी सफाई, कैमरे पर कही ये बातें!
ADVERTISEMENT


