बिहार के बांका जिले से सामने आए छात्रा के साथ छेड़खानी और बदसलूकी के मामले में पुलिस अधीक्षक(SP) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी है. एसपी ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना मंदार पर्वत के आसपास की है, जिसका वीडियो बीते 22 तारीख को बौंसी थानाध्यक्ष के संज्ञान में आया था. वीडियो सामने आने के बाद एसडीओ ने इसकी जांच और सत्यापन किया, जिसके आधार पर सबसे पहले अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई, क्योंकि शुरुआत में पीड़िता या अन्य पीड़ितों की पहचान स्पष्ट नहीं थी. विस्तार से जानिए SP ने क्या-कुछ कहा है.
ADVERTISEMENT
आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने
पुलिस ने वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और सत्यापन के लिए लगातार प्रयास किए. इसके बाद कल रात तक मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो में तीन युवक पीड़िता और उसके साथ आए दो लड़कों के साथ बदसलूकी करते व उनका हाथ पकड़ते हुए नजर आए हैं. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये तीनों आरोपी बांका जिले के ही बाराहाट थाना क्षेत्र के निवासी हैं. एसपी ने कहा कि इस घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां थोड़ी और तफ्तीश के बाद सार्वजनिक की जाएंगी.
पैसों की डिमांड पूरी न होने पर वायरल हुआ वीडियो
एसपी ने पीड़िता से खुद बातचीत कर उसका बयान लिया है और पीड़िता ने पुलिस पर पूरा भरोसा जताया है. जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह पूरी घटना 3 जून की है, जिसकी वीडियोग्राफी खुद अभियुक्तों द्वारा की गई थी. उस दौरान भी अभियुक्तों द्वारा पैसों की मांग की गई थी और 3 जून को ही एक ट्रांजैक्शन के जरिए अभियुक्त के फोन पर पैसे ट्रांसफर करवाए गए थे. पैसे मिलने के बाद पीड़िता और उसके साथ मौजूद दोनों लड़कों को छोड़ा गया था. इसके बाद आरोपियों द्वारा दोबारा पैसों की डिमांड की जा रही थी और जब वह मांग पूरी नहीं हुई, तो इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दिया गया.
सहयोगियों से पूछताछ और आगे के खुलासे
इस पूरे मामले में संलिप्तता की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कई साथियों और सहयोगियों को पूछताछ के लिए हिरासत (डिटेन) में लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और भी बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है. फिलहाल यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है.
जमुई के बाद अब बांका में दरिंदगी! मंदार पर्वत पर युवती से अश्लील हरकत और मारपीट
ADVERTISEMENT


