Bankipur By Election Exit Poll 2026: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के बाद सामने आए एक एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है. DV Research की रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत किशोर को 43 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा 39 फीसदी वोट शेयर के साथ उनके करीब दिखाई दे रहे हैं. आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता को 15 फीसदी वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है. हालांकि यह केवल एग्जिट पोल है और अंतिम नतीजे मतगणना के बाद ही स्पष्ट होंगे.
ADVERTISEMENT
बांकीपुर में प्रशांत किशोर को 4 फीसदी की बढ़त का अनुमान
DV Research ने बिहार विधानसभा उपचुनाव 2026 के तहत AC-182 बांकीपुर सीट पर यह एग्जिट पोल किया है. रिपोर्ट के अनुसार प्रशांत किशोर की पार्टी JSP को 43 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 39 फीसदी, जबकि आरजेडी की रेखा कुमारी गुप्ता को 15 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई गई है. निर्दलीय, NOTA और दूसरी छोटी पार्टियों को मिलाकर अन्य के खाते में करीब 3 फीसदी वोट जाने का अनुमान है.
इस हिसाब से प्रशांत किशोर और बीजेपी उम्मीदवार के बीच महज चार प्रतिशत अंकों का अंतर दिखाई दे रहा है. सर्वे में मार्जिन ऑफ एरर ±2 से 3 फीसदी बताया गया है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अनुमान 35 फीसदी मतदान के आधार पर तैयार किया गया है.
1580 मतदाताओं से की गई बातचीत
DV Research के मुताबिक एग्जिट पोल के लिए कुल 1,580 मतदाताओं को सैंपल में शामिल किया गया. सर्वे मतदान के बाद 30 जुलाई 2026 को फेस-टू-फेस इंटरव्यू के जरिए किया गया. इसमें उन मतदाताओं से बातचीत की गई, जिन्होंने चुने गए मतदान केंद्रों पर अपना वोट डाला था.
रिपोर्ट में स्ट्रैटिफाइड रैंडम सैंपलिंग अपनाने की बात कही गई है. सैंपल में 100 फीसदी शहरी मतदाता थे. इनमें 60 फीसदी पुरुष और 40 फीसदी महिलाएं शामिल थीं. सर्वे में जाति, समुदाय, धर्म और उम्र जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखने की बात कही गई है.
मुस्लिम-यादव और युवा वोटर्स को लेकर क्या कहता है सर्वे?
एग्जिट पोल की सबसे दिलचस्प बात इसके सामाजिक समीकरणों से जुड़े निष्कर्ष हैं. DV Research का दावा है कि प्रशांत किशोर को कई प्रमुख सामाजिक समूहों से समर्थन मिलता दिखाई दिया. इसमें मुस्लिम और यादव मतदाताओं का भी जिक्र किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक Gen Z यानी युवा मतदाताओं के बीच भी प्रशांत किशोर के लिए मजबूत समर्थन देखने को मिला.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ब्राह्मण समुदाय का एक हिस्सा भी प्रशांत किशोर की तरफ जाता दिखाई दिया. सर्वे एजेंसी ने इसे 'भारत तिवारी एनकाउंटर' मुद्दे से जोड़ा है. यह एग्जिट पोल एजेंसी का आंकलन है और इसे वास्तविक चुनाव परिणाम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
Bankipur By-Election LIVE Updates: बांकीपुर उपचुनाव में 5 बजे तक 33.57 फीसदी मतदान
ADVERTISEMENT


