Bankipur By-Election: क्या प्रशांत किशोर के लिए प्रचार करेंगे थलपति विजय? PK ने खुद खोला राज

न्यूज तक डेस्क

• 10:12 AM • 10 Jul 2026

Bankipur By-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है. चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने साफ कर दिया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलपति विजय उनके लिए प्रचार करने नहीं आ रहे हैं. साथ ही उन्होंने बीजेपी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री अशोक चौधरी पर भी जमकर निशाना साधा.

Bankipur By-Election
Bankipur By-Election
Google CTA

बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी पारा पूरी तरह गरमाया हुआ है. जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर लगातार चुनावी मैदान में डटे हुए हैं और जनता के बीच जाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. चुनावी कैंपेन के दौरान प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखे हमले बोले हैं. इसके साथ ही उन्होंने उन चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया है जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता थलपति विजय के उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने आने की बातें कही जा रही थीं.

Read more!

बांकीपुर की जनता चुकाएगी नवंबर 2025 का हिसाब

चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर में जनता का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है और लोगों ने इस बार पूरी तरह से अपना मन बना लिया है. उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नवंबर 2025 के चुनाव में 10000 रुपए का लालच देकर वोट खरीदा गया था और इसी तरह हेरफेर कर सरकार बनाई गई थी. पीके ने कहा कि बांकीपुर के प्रबुद्ध और समृद्ध मतदाता इस बार जागरूक हैं और वे उस धोखाधड़ी का हिसाब इस उपचुनाव में सूध समेत चुकता करेंगे. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस सीट से भाजपा की हार तय है और उनकी हार के बाद बिहार में एक बिल्कुल नई राजनीति की शुरुआत होने जा रही है.

अशोक चौधरी और मंगल पांडे को लेकर कसा तंज

नीतीश सरकार के मंत्रियों पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी पर भी जमकर तंज कसा. पीके ने कहा कि अशोक चौधरी बहुत दिनों के बाद मूर्छित अवस्था से जागकर बोले हैं. वे मंत्रिमंडल में दूसरे-तीसरे नंबर से लुढ़कते-लुढ़कते अब सीधे 10वें नंबर पर पहुंच चुके हैं. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर अशोक चौधरी इसी तरह की बयानबाजी और इधर-उधर की बातें करते रहे तो बहुत जल्द वे भी मंगल पांडे की तरह ही मंत्रिमंडल से पूरी तरह बाहर कर दिए जाएंगे. पीके ने सलाह दी कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे नेतागिरी करने के बजाय अपने मंत्रालय में 4 साल ईमानदारी से काम करके दिखाएं, वरना ज्यादा चोरी और राजनीति करने पर उन्हें बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा.

सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग

प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से तुरंत हटाने की अपील की. पीके ने कैमरे पर सीधे तौर पर कहा कि जनता ने सम्राट चौधरी के नाम पर कभी वोट ही नहीं दिया था. उन्होंने सम्राट चौधरी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी उम्र और पढ़ाई के सर्टिफिकेट गलत लगाए हैं, जिसके लिए किसी आम बच्चे को जेल भेज दिया जाता. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी सात हत्या के अभियुक्त हैं और ऐसे व्यक्ति के नेतृत्व में बिहार के बेहतर भविष्य या अपराध मुक्त प्रदेश की कल्पना करना पूरी तरह बेमानी है. 

उन्होंने कहा कि पद संभालने के बाद से उन्होंने कभी पढ़ाई, रोजगार, पलायन या विकास की बात नहीं की, बल्कि हर दिन केवल जात और गमछा देखकर गोली मारने, एनकाउंटर और अपराधियों जैसी बातें की हैं. पीके ने बांकीपुर की जनता से अपील की कि वे भाजपा को यहां हराएं ताकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व खुद मजबूर होकर सम्राट चौधरी को हटाए और बिहार के भले के लिए किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए.

क्या चुनाव प्रचार में आएंगे थलपति विजय?

जब प्रशांत किशोर से सीधा सवाल पूछा गया कि क्या तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय उनके समर्थन में बांकीपुर में चुनाव प्रचार करने के लिए आ रहे हैं, तो पीके ने इस पर बेहद स्पष्ट जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनके समर्थन में किसी बाहरी चेहरे की जरूरत नहीं है क्योंकि बांकीपुर और पूरे बिहार की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है. प्रशांत किशोर ने साफ किया कि बांकीपुर की जनता खुद में इतनी सक्षम और काफी है कि वह अपने लिए भी इंसाफ करेगी और नवंबर 2025 में पूरे बिहार के साथ हुए अन्याय का हिसाब भी अकेले अपने दम पर पूरा करेगी.

यहां देखें वीडियो

Bankipur By-Election: बीजेपी के इस मजबूत गढ़ में प्रशांत किशोर बिगाड़ेंगे खेल? जनता का मूड जानकर उड़ जाएगी नींद!