बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव की मतगणना के दौरन जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. काउंटिंग में लगातार पिछड़ने के बावजूद जनता दल यूनाइटेड (JDU) और सत्तारूढ़ एनडीए अपने जीत के दावों पर पूरी तरह कायम है. बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी पूरे 31 राउंड की गिनती होना बाकी है. उन्होंने साफ किया कि जब तक 31वें राउंड का परिणाम घोषित नहीं हो जाता, तब तक किसी भी दावे को सही या गलत नहीं ठहराया जा सकता.
ADVERTISEMENT
गिनती बाकी, जीत के दावे पर कायम है एनडीए
बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने मतगणना के दौरान बातचीत में कहा कि वे एनडीए की जीत को लेकर पूरी तरह आशान्वित हैं. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक करियर का उदाहरण देते हुए बताया कि वे स्वयं आठ बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. कई बार चुनावों में वे शुरुआती पहले, दूसरे या तीसरे राउंड में पीछे चल रहे होते थे, लेकिन अंत में जीत उनकी ही होती थी. इसलिए शुरुआती दौर में पीछे रहने का मतलब हार मान लेना नहीं है. उन्होंने कहा कि जनता का जो भी जनादेश आएगा, उसे सभी सिर माथे पर स्वीकार करेंगे. हालांकि, सरकार द्वारा बिहार में किए गए सेवा और विकास कार्यों के बदौलत अंत में नतीजा एनडीए के ही पक्ष में आएगा.
एक सीट जीतने से बिहार में कोई स्थापित नहीं होता: PK पर तंज
प्रशांत किशोर द्वारा सातवें राउंड तक लगातार बढ़त बनाने और ट्वीट किए जाने के सवाल पर जेडीयू मंत्री ने जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि केवल एक सीट पर जीत दर्ज करने या बढ़त बना लेने से कोई बिहार की राजनीति में स्थापित नहीं हो जाता. बिहार की राजनीति में खुद को स्थापित करने के लिए बड़ा कलेजा और नीतीश कुमार जैसा कद्दावर व्यक्तित्व चाहिए. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने शून्य से शुरुआत कर पार्टी को शिखर तक पहुंचाया और बिहार को जंगलराज, आतंक, और अपहरण उद्योग के दौर से बाहर निकाला. जब बिहार के लोग पलायन कर रहे थे, तब नीतीश कुमार ने लोगों में विश्वास जगाया और राज्य को बदलकर दिखा दिया. फिलहाल बिहार में उनके जैसा दूर-दूर तक कोई दूसरा नेतृत्वकर्ता दिखाई नहीं देता.
आरजेडी का वोट शिफ्ट हो रहा है, एनडीए का वोट बैंक मजबूत
उपचुनाव के नतीजों का सरकार पर असर पड़ने की बात को खारिज करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि मौजूदा सरकार के पास 202 विधायकों का प्रचंड बहुमत है. इन परिणामों का असर एनडीए पर नहीं बल्कि मुख्य विपक्षी पार्टी आरजेडी पर पड़ने वाला है. उन्होंने दावा किया कि आरजेडी का पारंपरिक वोट खिसक कर दूसरी तरफ शिफ्ट होता दिख रहा है, जबकि एनडीए का वोट बैंक पूरी तरह से अपने स्थान पर एकजुट है. मंत्री श्रवण कुमार ने दोहराया कि सभी 31 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम तस्वीर साफ होगी.
यहां देखें वीडियो
Bankipur Result LIVE: 19 राउंड बाद प्रशांत किशोर 11,289 वोट से आगे, भाजपा की मुश्किलें बढ़ीं
ADVERTISEMENT


