Bankipur By-Election Result: प्रशांत किशोर की लगातार बढ़त पर मनोज भारती का बड़ा बयान, कहा- जनता ने बीजेपी के गढ़ को तोड़ा

न्यूज तक डेस्क

03 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 3 2026 3:19 PM)

Bankipur By Election Result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में प्रशांत किशोर की लगातार बढ़त पर जन सुराज नेता मनोज भारती का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी के गढ़ को तोड़ते हुए बदलाव की राजनीति को चुना है. जानिए मनोज भारती ने साइलेंट वोटर्स, बीजेपी पर लगाए आरोप, प्रशांत किशोर की रणनीति और बिहार की राजनीति पर इस जीत के संभावित असर को लेकर क्या-क्या कहा.

Bankipur By Election Result
Bankipur By Election Result
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. इस बढ़त पर जन सुराज पार्टी की तरफ से मनोज भारती ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बांकीपुर की समस्त जनता को बधाई और धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता ने इस बार बदलाव, प्रशांत किशोर और जन सुराज की सोच को चुना है. आइए विस्तार से जानते है मनोज भारती ने क्या-कुछ कहा है.

Read more!

बिना जाति-धर्म के बंटवारे के हर राउंड में मिला समर्थन

मनोज भारती ने कहा कि इस चुनाव की सबसे ध्यान देने योग्य बात यह रही कि जन सुराज के पक्ष में न तो जाति, न धर्म और न ही किसी विचारधारा का कोई बंटवारा हुआ है. केवल एक राउंड को छोड़ दें, तो लगभग हर राउंड में प्रशांत किशोर को जनता का सकारात्मक समर्थन मिला और बढ़त बनी रही. इससे यह साबित होता है कि बांकीपुर का ऐसा कोई भी पॉकेट नहीं था, जहां जन सुराज की आवाज और प्रशांत किशोर के व्यक्तित्व की छाप न पहुंची हो. उन्होंने इसे बिहार में लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए एक बड़ी जीत बताया और कहा कि विपक्ष को सही ढंग से प्रस्तुत करने वाला व्यक्ति अब विधानसभा में पहुंचने वाला है, जिसका असर बिहार की राजनीति पर गहरा पड़ेगा.

बीजेपी के गढ़ पर बोले- 'जनता ही बनाती है और जनता ही तोड़ती है गढ़'

बांकीपुर को भारतीय जनता पार्टी का गढ़ माने जाने के सवाल पर मनोज भारती ने कहा कि लोकतंत्र में गढ़ जनता ही बनाती है और जनता ही उसे तोड़ती भी है. गढ़ तब तक रहता है जब तक जनता उसे बनाने के लिए तैयार होती है. बांकीपुर की जनता ने यह तय कर लिया था कि यह गढ़ बहुत लंबा चल चुका है और अब इसे गिराने की जरूरत है. जनता एक नए व्यक्ति, एक नई विचारधारा और नई सोच को बिहार के लिए सौगात के रूप में देना चाहती थी.

साइलेंट वोटर्स और बीजेपी प्रशासन पर गुंडागर्दी के आरोप

मनोज भारती ने चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पहले से कुछ कहना मुश्किल होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि 30 तारीख को चुनाव के दौरान बीजेपी के कार्यकर्ताओं द्वारा गुंडागर्दी की गई और प्रशासन ने उनका साथ दिया. इस डर और माहौल के कारण जो लोग जन सुराज का समर्थन कर रहे थे, वे सामने नहीं आ रहे थे और साइलेंट थे. उन्होंने कहा कि पार्टी को एक बड़ा साइलेंट वोटर सपोर्ट मिला है, जिन्होंने मतदान से पहले अपना रुख जाहिर नहीं किया लेकिन अपना समर्थन वोट के जरिए दिया.

विधानसभा के अंदर से बदलाव की आवाज उठाने की रणनीति

आगे की रणनीति पर बात करते हुए मनोज भारती ने स्पष्ट किया कि जन सुराज का मुख्य उद्देश्य केवल सत्ता या शासन पाना नहीं है, बल्कि जनता का भरोसा जीतना और बिहार में बदलाव की शुरुआत करना है. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर अगर विधानसभा के बाहर रहकर सरकार को कई बदलावों के लिए मजबूर कर सकते हैं, तो विधानसभा के अंदर से जब वे आवाज उठाएंगे तो बिहार में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. एक बार जनता में बदलाव का आभास हो जाएगा, तो जनता का विश्वास अपने आप जन सुराज के साथ जुड़ता जाएगा.

यहां देखें वीडियो

Bankipur Result LIVE: 20वें राउंड में प्रशांत किशोर 40 हजार वोट पार, बढ़त 11,621 वोट हुई