Bankipur ByElection के बाद BJP का Prashant Kishor पर बड़ा हमला, Ajay Alok ने लगाया आरोप

इन्द्र मोहन

• 04:41 PM • 31 Jul 2026

Bankipur ByElection: बांकीपुर उपचुनाव के बाद बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने प्रशांत किशोर को प्रखर कुटिल बताया. उन्होंने जन सुराज और आरजेडी के बीच गुप्त साठगांठ का बड़ा आरोप लगाया.

Ajay Alok
Ajay Alok
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने प्रशांत किशोर को प्रखर कुटिल कहते हुए आरोप लगाया कि जन सुराज और राजद (RJD) के बीच अंदरूनी और साइलेंट साठगांठ थी.

Read more!

'प्रशांत किशोर नहीं, प्रखर कुटिल हैं PK'

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अजय आलोक ने कहा कि जन सुराज के प्रत्याशी और उनके नेता को लोग भले ही प्रशांत किशोर कहते हैं, लेकिन उनका असली चरित्र प्रखर कुटिल वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति पहले पदयात्रा के दौरान तेजस्वी यादव और लालू यादव के खिलाफ बोलता था, उसने पूरे बांकीपुर चुनाव के दौरान राजद के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला. उन्होंने कहा कि राजद और प्रशांत किशोर मिलकर गुप्त तरीके से चुनाव लड़ रहे थे.

'फर्जी सर्वे और सोशल मीडिया के जरिए अराजकता फैलाने की कोशिश'

बीजेपी प्रवक्ता ने मतदान के तुरंत बाद आए एग्जिट पोल और सर्वे पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि वोटिंग खत्म होते ही 2 मिनट के भीतर फर्जी सर्वे जारी कर दिए गए. यह सब दिल्ली-लखनऊ में बैठे फर्जी इन्फ्लुएंसर्स और सेफोलॉजिस्ट्स के जरिए हार की कुंठा को छुपाने के लिए किया गया.

अजय आलोक ने आरोप लगाया कि चुनाव वाले दिन और उससे एक रात पहले रातभर थानों में बवाल काटा गया. उम्मीदवार की गाड़ी में तय संख्या से अधिक गाड़ियों का काफिला लेकर घूमना, महिला अधिकारियों व कर्मियों से दुर्व्यवहार करना और बूथों पर तनाव पैदा करना सुनियोजित साजिश का हिस्सा था.

'बांकीपुर में धनबल और असामाजिक तत्वों का हुआ इस्तेमाल'

भाजपा नेता ने दावा किया कि चुनाव में बाहर से 8 से 9 हजार लोगों को बुलाकर पटना के होटलों और फ्लैटों में ठहराया गया. उन्होंने कहा कि धनबल का बेहिसाब इस्तेमाल किया गया और जंगलराज के समय के असामाजिक तत्वों को फिर से सक्रिय किया गया.

जीत को लेकर क्या बोले अजय आलोक

बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि तमाम हथकंडों के बावजूद बांकीपुर की जनता का दिल भारतीय जनता पार्टी में ही बसता है. 3 तारीख को आने वाले नतीजों में बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करने जा रही है.

वहीं तंज कसते हुए अजय आलोक ने प्रशांत किशोर को सलाह दी कहा कि अगर उन्हें राजनीति का इतना ही शौक है तो अगले पंचायत चुनाव में करगहर से मुखिया का चुनाव लड़ें, बीजेपी का हर कार्यकर्ता उन्हें चंदा देगा.