Bankipur By election: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव ने राज्य की राजनीतिक सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है. इस उपचुनाव पर इस समय पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर खुद पहली बार चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं. दो दिन पहले ही जन सुराज पार्टी ने आधिकारिक ऐलान किया था कि खुद प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे.
ADVERTISEMENT
महागठबंधन का नहीं मिलेगा समर्थन, आरजेडी का अपना दांव
प्रशांत किशोर के मैदान में आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा थी कि क्या बीजेपी को पटखनी देने के लिए कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियां परदे के पीछे से प्रशांत किशोर को समर्थन दे सकती हैं. हालांकि, अब इन तमाम अटकलों पर पानी फिर गया है. आरजेडी जन सुराज को किसी भी तरह का वॉकओवर या समर्थन देने के मूड में नजर नहीं आ रही है. राष्ट्रीय जनता दल ने इस सीट से अपना अलग उम्मीदवार उतारने का फैसला कर लिया है.
रेखा गुप्ता बनेंगी आरजेडी की उम्मीदवार
पार्टी के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, आरजेडी बांकीपुर उपचुनाव में रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाने जा रही है. आपको बता दें कि रेखा गुप्ता ने साल 2025 के मुख्य विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी के टिकट पर ही किस्मत आजमाई थी, मगर तब उन्हें बीजेपी के हाथों बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. पार्टी इस बार बिना किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के, प्रदेश अध्यक्ष के आधिकारिक पत्र के जरिए बेहद सादगी से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा करने की तैयारी में है.
कौन हैं रेखा गुप्ता ?
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है. वाे पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं. लेकिन महागठबंधन में सीट बंटवारे के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी. इसके बाद वह राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो गईं. RJD ने उन्हें 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के नितिन नवीन से हुआ. हालांकि, इस चुनाव में रेखा गुप्ता को हार का सामना करना पड़ा. उन्हें 46,363 वोट मिले, जो कुल मतों का 29.55 प्रतिशत था, जबकि नितिन नवीन ने 98,299 वोट हासिल कर 62.66 प्रतिशत वोट शेयर के साथ जीत दर्ज की.
बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
पारंपरिक रूप से बांकीपुर सीट पर हमेशा बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलता रहा है, लेकिन अब यहां समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं. जन सुराज की तरफ से खुद प्रशांत किशोर और आरजेडी की ओर से रेखा गुप्ता के आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. वहीं दूसरी तरफ, बीजेपी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. बीजेपी खेमे से फिलहाल नील रतन घोष और अजय आलोक के नामों की चर्चा सबसे आगे है, जिनमें नील रतन घोष का पलड़ा भारी माना जा रहा है. बहरहाल, आरजेडी के इस फैसले ने बांकीपुर के चुनावी रण को बेहद दिलचस्प बना दिया है.
बांकीपुर उपचुनाव में कब होगा उपचुनाव?
बिहार की राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई 2026 को कराया जाएगा. चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, वोटों की गिनती 3 अगस्त 2026 को होगी और उसी दिन नतीजों का ऐलान किया जाएगा. भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है.
ADVERTISEMENT


