NEET परीक्षा धांधली/पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बिहार के बेगूसराय में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. हजारों की संख्या में उग्र छात्रों ने सड़कों पर उतरकर जिला प्रशासन और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी (DM) कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आंदोलनकारी छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें लाठीचार्ज और पथराव तक की नौबत आ गई.
ADVERTISEMENT
GD कॉलेज से शुरू हुआ आक्रोश मार्च, DM ऑफिस पर हंगामा
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शहर के प्रसिद्ध जीडी कॉलेज से हुई. विभिन्न छात्र संगठनों और वामपंथी युवा मोर्चों के बैनर तले एकत्र हुए हजारों छात्र हाथों में तख्तियां, बैनर और झंडे लेकर सड़कों पर निकले. मार्च करते हुए छात्र सीधे बेगूसराय DM कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ उग्र नारेबाजी शुरू कर दी.
पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की, पथराव और लाठीचार्ज
स्थिति को बिगड़ता देख सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में भारी संख्या में दंगा निरोधी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. इसके बावजूद माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों द्वारा एसडीएम के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी के दृश्य कैमरे में कैद हुए. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके जवाब में उग्र प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया.
SP ने संभाला मोर्चा
हालात अधिक गंभीर होने पर बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (SP) खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया.
कवरेज के दौरान 'Bihar Tak' के रिपोर्टर सौरभ कुमार घायल
इस घटनाक्रम की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे 'बिहार तक' (Bihar Tak) के स्थानीय संवाददाता सौरभ कुमार भी घायल हो गए. पथराव के दौरान उनके पैर में एक भारी पत्थर का टुकड़ा लगा, जिससे वे चोटिल हो गए. हालांकि, चोट लगने के बावजूद सौरभ कुमार ने अपनी रिपोर्टिंग जारी रखी और पल-पल का अपडेट दर्शकों तक पहुंचाया.
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि NEET पेपर लीक ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है. ऐसे में शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें.
जंतर-मंतर घटना का विरोध
छात्रों ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस ने बर्बरता से लाठीचार्ज किया, जबकि असली गुनहगार खुले घूम रहे हैं. छात्र संगठनों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि उनकी मांगें जल्द से जल्द नहीं मानी गईं, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन पूरे राज्य में और अधिक व्यापक तथा उग्र रूप धारण करेगा.
ADVERTISEMENT


