Bihar Forced Marriage: बिहार के बेगूसराय से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 22 साल के युवक को बंधक बनाकर जबरन एक महिला से शादी करवाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि महिला तलाकशुदा है और उसका एक बच्चा भी है. अब इस पूरी घटना का एक वीडियो और दोनों पक्षों के बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. युवक इसे जबरदस्ती की गई शादी बता रहा है तो वहीं दूसरी तरफ महिला का दावा है कि ये वो बीते दो महीने से एक दूसरे से प्यार करते हैं. मामले में अब पुलिस की एंट्री हो गई है. वहीं, ये घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
कॉलेज से हथिदह और फिर शादी का मंडप
यह पूरी घटना खगड़िया जिले के चौथम गांव की है. यहां के रहने वाले नीतीश कुमार 9 जुलाई को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में अपना रिजल्ट देखने और बीए फोर्थ सेमेस्टर में एडमिशन कराने गए थे. नीतीश का आरोप है कि इसी दौरान हथिदह की रहने वाली एक प्राइवेट नर्स सीता ने उन्हें फोन करके मिलने के लिए बुलाया. मुलाकात के बाद शाम हो गई तो सीता ने नीतीश से उसे घर छोड़ने का अनुरोध किया. नीतीश उसे बाइक से हथिदह स्थित उसके घर छोड़ आया. वहां नाश्ता करने के बाद रात हो गई तो सीता की मां ने रात में बाइक से खगड़िया जाने से मना कर दिया और सुबह जाने की बात कहकर रोक लिया.
आधी रात को मंदिर में दी जान से मारने की धमकी
नीतीश ने कहा कि रात में अचानक 8 से 10 लड़के आए. और उसे जबरन एक मंदिर में ले गए. मंदिर में सीता पहले से ही दुल्हन के जोड़े में तैयार खड़ी थी. नीतीश ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन उन लड़कों ने उसे जान से मारने की धमकी दी. जान के डर से नीतीश ने सीता की मांग में सिंदूर डाल दिया. इसके अगले दिन 10 जुलाई को वे लोग नीतीश को जबरन कोर्ट मैरिज के लिए कोर्ट लेकर पहुंचे. लेकिन यहां नीतीश ने कागजों पर साइन करने से मना कर दिया और इस शादी को मानने से इनकार कर दिया.
छोटी बहन की चाहत और बड़ी बहन से शादी का मोड़
नीतीश कुमार का कहना है कि वो असल में सीता की छोटी बहन से शादी करना चाहता था. लेकिन उसे धोखे में रखकर और जबरदस्ती डरा-धमका कर एक बच्चे की मां से उसकी शादी करा दी गई. अब ये विवाद कोर्ट से लेकर पुलिस थाने तक पहुंच चुका है और दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. ऐसे में चलिए जानते हैं किसने क्या कहा.
दुल्हन का दावा: 2 महीने के प्यार के बाद रची गई शादी
दुल्हन बनी 34 वर्षीय सीता का पक्ष बिल्कुल अलग है. सीता का आरोप है कि उसने नीतीश को पहले ही अपनी पूरी सच्चाई बता दी थी कि वह शादीशुदा है, 10 साल पहले उसका तलाक हो चुका है और वह एक बच्चे की मां है. सीता के मुताबिक, नीतीश उसकी सच्चाई जानने के बाद भी शादी के लिए तैयार था. सीता ने बताया कि उसने नीतीश को अपने बैंक में मौजूद 6 लाख रुपये और एलआईसी के बारे में भी जानकारी दी थी. सीता का दावा है कि दोनों के बीच ढाई-तीन महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था और यह शादी आपसी सहमति से हुई है, लेकिन कोर्ट में आकर नीतीश अचानक मुकर गया और साइन करने से मना कर दिया.
पुलिस की काउंसलिंग के बाद ससुराल भेजी गई दुल्हन
इस मामले की शुरुआत तब हुई थी जब करीब ढाई-तीन महीने पहले नीतीश अपने किसी रिश्तेदार के घर हथिदह गया था. वहीं उसकी मुलाकात सीता से हुई थी. बाढ़ कोर्ट में हुए भारी हंगामे के बाद यह पूरा मामला हथिदह थाना पुलिस के पास पहुंचा. पुलिस ने दोनों पक्षों को बिठाकर लंबी काउंसलिंग की. काउंसलिंग पूरी होने के बाद हथिदह थाना पुलिस ने दुल्हन बनी सीता को दूल्हे नीतीश के साथ उसके पैतृक घर खगड़िया के चौथम भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: कोचिंग विवाद: खान सर और उनके बॉडीगार्ड्स को कोर्ट से बड़ी राहत, मिली अग्रिम जमानत
ADVERTISEMENT


